कालिका टीम का अनूठा जागरूकता अभियान: कलाई पर राखी बांधकर लोगों को नशे से दूर रहने और यातायात नियमों की पालना का दिलाया वचन

चूरू। रक्षाबंधन के पर्व पर चूरू पुलिस ने भाई-बहन के रिश्ते को सामाजिक जिम्मेदारी और जनजागरूकता से जोड़ते हुए अनूठी पहल की। रेलवे स्टेशन सहित शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर कालिका टीम, महिला थाना पुलिस और यातायात पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों ने आमजन की कलाई पर राखी बांधी और उनसे नशे से दूर रहने के साथ सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।अभियान के दौरान लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन में सफर करते समय सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने समझाया कि छोटी-सी सावधानी कई बार बड़े हादसे को टाल सकती है।
राखी के साथ दिया जिम्मेदारी का संदेश
महिला थानाधिकारी कुसुमलता ने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि एक-दूसरे की सुरक्षा और जिम्मेदारी का संदेश देने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने और परिवार को नशे से दूर रखने की अपील की।
सड़क सुरक्षा को लेकर भी किया जागरूक
यातायात एसआई महिपाल सिंह ने कहा कि सड़क हादसों से बचने के लिए यातायात नियमों की पालना बेहद जरूरी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।कालिका टीम प्रभारी कौशल्या ने बताया कि टीम की ओर से लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। रक्षाबंधन पर राखी बांधकर लोगों को नशामुक्त और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
तीन प्रमुख स्थानों पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन, इन्द्रमणि पार्क और नेचर पार्क में आमजन को राखी बांधी। इस दौरान कांस्टेबल प्रमिला, सुनीता, चंदा, कृष्णा सहित महिला थाना और यातायात पुलिस के जवान मौजूद रहे।रक्षाबंधन के इस अभियान में राखी महज एक धागा नहीं रही, बल्कि नशे से दूरी, सड़क सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का संकल्प बन गई।













