Advertisement
Home राजस्थान चूरू रोमांचक फाइनल में जायका एंड फ्रेंड्स गारमेंट चैंपियन, विजय किशोर इलेवन को...

रोमांचक फाइनल में जायका एंड फ्रेंड्स गारमेंट चैंपियन, विजय किशोर इलेवन को 27 रन से हराया

चूरू प्रीमियम लीग में 5 लाख रुपये की इनामी ट्रॉफी पर जमाया कब्जा; नागेश वाडेकर की 71 रन की पारी बनी जीत की बड़ी वजह

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चूरू। सेठानी जोहड़ में आयोजित रात्रिकालीन चूरू प्रीमियम लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ। जायका एंड फ्रेंड्स गारमेंट चूरू ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विजय किशोर इलेवन को 27 रन से शिकस्त देकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। AICC सदस्य तनवीर खान की मौजूदगी ने पुरस्कार वितरण समारोह को खास बनाया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का माध्यम बताया।

नागेश वाडेकर की तूफानी पारी से बना बड़ा स्कोर

फाइनल में पहले बल्लेबाजी करने उतरी जायका एंड फ्रेंड्स गारमेंट की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 164 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से नागेश वाडेकर ने 71 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि नवीन हुडा ने 36 रन का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों ने टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विजय किशोर इलेवन ने भी मुकाबले को रोचक बनाए रखा। कृष्णा सातपुते ने 59 रन और मुन्ना शेख ने 32 रन बनाए, लेकिन टीम निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी। इस तरह जायका एंड फ्रेंड्स गारमेंट ने 27 रन से फाइनल जीत लिया।

विजेता को 5 लाख, उपविजेता को 2.50 लाख रुपये

फाइनल के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता जायका एंड फ्रेंड्स गारमेंट चूरू को 5 लाख रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता विजय किशोर इलेवन को 2.50 लाख रुपये और ट्रॉफी मिली।इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य तनवीर खान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अनुशासन, मेहनत और टीम भावना सीखने का अवसर देते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। रात्रिकालीन मुकाबलों के चलते सेठानी जोहड़ का मैदान पूरे टूर्नामेंट के दौरान क्रिकेट प्रेमियों से गुलजार रहा। फाइनल में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन अंततः जायका एंड फ्रेंड्स गारमेंट ने शानदार बल्लेबाजी और प्रभावी प्रदर्शन के दम पर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

पुरस्कारों की भी रही धूम

प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कारों से नवाजा गया।
मैन ऑफ द सीरीज: केतन महात्रे — मोटरसाइकिल और चांदी की बॉल
बेस्ट बॉलर: परवीन श्रीकंडे — इलेक्ट्रिक स्कूटी
बेस्ट बैट्समैन: नागेश वाडेकर — इलेक्ट्रिक स्कूटी
मैन ऑफ द मैच: नागेश वाडेकर — ट्रॉफी
तीसरा स्थान: सियारा-11 झुंझुनूं — 51 हजार रुपये और ट्रॉफी
चौथा स्थान: केके कंस्ट्रक्शन चूरू — 51 हजार रुपये और ट्रॉफी

 

 

Advertisement