खारिया गांव के कॉमेडियन के समर्थन में खयाली सहारण, बन्नू, मुस्कान समेत कई इन्फ्लुएंसर पहुंचे एसपी कार्यालय; पोस्ट हटाने और माफी के बावजूद कार्रवाई पर उठे सवाल



चूरू। खारिया गांव के सोशल मीडिया कॉमेडियन अनिल ओमला की शांति भंग के आरोप में गिरफ्तारी का मामला अब सोशल मीडिया समुदाय के बीच चर्चा का विषय बन गया है। गुरुवार को राजस्थान इन्फ्लुएंसर कम्युनिटी के कई सदस्य चूरू एसपी कार्यालय पहुंचे और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन देने पहुंचे कॉमेडियन खयाली सहारण, कॉमेडियन बनवारी लाल उर्फ बन्नू, मुस्कान, विकास महिला, डॉ. कुलदीप चहल, भोलू, अनिल और ओम सहित कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग उठाई।कम्युनिटी के अनुसार, 23 अगस्त को पाकिस्तान के इन्फ्लुएंसर अदनान को लेकर अनिल ओमला की ओर से सोशल मीडिया पर एआई जनरेटेड फोटो पोस्ट की गई थी। पुलिस की ओर से पोस्ट हटाने के लिए कहे जाने के बाद 24 अगस्त को पोस्ट डिलीट कर दी गई। इसके साथ ही माफी से संबंधित पोस्ट और वीडियो भी जारी किया गया।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इसके बावजूद 25 अगस्त को पुलिस अनिल को उसके घर से थाने लेकर गई। बाद में ओम को भी थाने बुलाया गया और दोनों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर एसडीएम के समक्ष पेश किया गया।इन्फ्लुएंसर कम्युनिटी ने आरोप लगाया कि दोनों को करीब सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक थाने में बैठाया गया और मानसिक दबाव बनाया गया। साथ ही चैनल बंद करने तथा गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप ज्ञापन में लगाया गया है। कम्युनिटी ने मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड, रोजनामचा सहित अन्य संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित करवाकर जांच कराने की मांग की।मामले को लेकर एसपी निश्चय प्रसाद एम ने जांच करवाने का आश्वासन दिया। वहीं उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स को पोस्ट करने से पहले उसके संभावित सामाजिक प्रभाव पर गंभीरता से विचार करने की सलाह दी। एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी सामग्री साझा करने से पहले उसके असर को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है।
2 साल से अलग दंपती फिर साथ आए ❤️ | काउंसलिंग से सुलझा पारिवारिक विवाद | Churu News













