मंडेलिया हाउस में दावेदारों से रूबरू हुए रफीक मंडेलिया; बोले—जनाधार, स्वीकार्यता और जीत की क्षमता होगी टिकट का आधार, युवाओं-महिलाओं को मिलेगा मौकाचूरू निकाय चुनाव से पहले गरमाई सियासत, रफीक मंडेलिया ने खोले कई राज | Exclusive Interview
चूरू। नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर चूरू में कांग्रेस ने टिकट चयन की कवायद तेज कर दी है। वार्ड पार्षद के टिकट के लिए आवेदन करने वाले दावेदारों के बीच अब पार्टी स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन शुरू हो गया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया ने मंगलवार को मंडेलिया हाउस स्थित चूरू शहर एवं देहात ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में आवेदनकर्ताओं से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों और टिकट चयन को लेकर चर्चा की।मंडेलिया ने बताया कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी और चूरू जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आवेदनकर्ताओं को लेकर इंटरनल सर्वे शुरू किया गया है। सर्वे के जरिए प्रत्येक दावेदार की वार्ड में पकड़, जनसंपर्क, सामाजिक सक्रियता और चुनाव जीतने की संभावनाओं का आकलन किया जा रहा है।
आवेदन से नहीं, वार्ड के जनाधार से तय होगी दावेदारी
रफीक मंडेलिया ने स्पष्ट किया कि टिकट वितरण में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा। पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने का प्रयास करेगी, जिनकी अपने वार्ड में मजबूत पकड़ हो और जो चुनाव में कांग्रेस के लिए प्रभावी परिणाम ला सकें।उन्होंने कहा कि सिर्फ आवेदन करना टिकट की गारंटी नहीं है। सर्वे रिपोर्ट और संगठन से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर दावेदारों की योग्यता का आकलन किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी और चूरू शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के स्तर पर विचार-विमर्श कर उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे।
युवाओं और महिलाओं पर भी रहेगा फोकस
टिकट चयन में पार्टी की सामाजिक एवं संगठनात्मक प्राथमिकताओं का भी ध्यान रखा जाएगा। मंडेलिया ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के अनुसार युवाओं और महिलाओं को टिकट वितरण में प्राथमिकता देने का प्रयास रहेगा। साथ ही ऐसे स्थानीय चेहरों को अवसर देने पर जोर होगा, जो लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय रहकर काम कर रहे हैं।
दावेदारों की सक्रियता से बढ़ी चुनावी सरगर्मी
मंडेलिया हाउस में आवेदनकर्ताओं से मुलाकात के दौरान टिकट को लेकर दावेदारों की सक्रियता साफ नजर आई। कांग्रेस के सामने अब बड़ी संख्या में आए आवेदनों में से ऐसे चेहरों को चुनने की चुनौती है, जो संगठन के साथ-साथ अपने वार्ड में भी मजबूत स्थिति रखते हों।बैठक में शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष असलम खोखर, विधानसभा संगठन प्रभारी भीमराज जाखड़, पूर्व सभापति गोविन्द महनसरिया, किसान नेता आदूराम न्यौल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद हुसैन निर्बाण, जिला प्रवक्ता जमील चौहान, रमजान खान, लालचंद सैनी, अबरार खां, नारायण बालाण, विमल शर्मा, आरिफ रिसालदार, शिवकुमार शर्मा, संजय भाटी, हेमंत सिहाग, शेरखां मलखाण, सुनीता कपूरिया, नीरज शर्मा, सलीम पीए, बाबू मंत्री, कृष्ण सुंडा, दीपिका सोनी और तारीख नागौरी सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अब सर्वे रिपोर्ट पर टिकी दावेदारों की नजर
निकाय चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस में टिकट के लिए दावेदारों की लंबी कतार लगी है। ऐसे में पार्टी का इंटरनल सर्वे टिकट की दौड़ में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। अब दावेदारों की निगाह इस बात पर रहेगी कि सर्वे में जनाधार, संगठनात्मक सक्रियता और जीत की संभावना के पैमाने पर कौन आगे निकलता है।









