Advertisement
Home झुंझुनूं खेतड़ी 31 साल बाद फिर मिले यार, खिल उठे चेहरे… यादों में लौट...

31 साल बाद फिर मिले यार, खिल उठे चेहरे… यादों में लौट आया स्कूल का दौर

केवी नंबर – 2 के 1995 बैच की रीयूनियन मीट में देश-विदेश से जुटे पूर्व विद्यार्थी, गुरूजनों का किया सम्मान; स्कूल की कक्षाओं में बैठकर साझा किए अनुभव

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ीनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर – 2 में शनिवार को 1995 के 12वीं बैच के पूर्व विद्यार्थियों की रीयूनियन मीट का आयोजन किया गया। 31 साल बाद देश-विदेश के अलग-अलग शहरों से अपने पुराने स्कूल पहुंचे सहपाठियों ने एक-दूसरे को देखा तो चेहरे खुशी से खिल उठे। वर्षों बाद हुई मुलाकात ने सभी को स्कूली दिनों की यादों में पहुंचा दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व अध्यापक एचएस यादव ने की। समारोह का शुभारंभ गुरूजनों ने विद्यालय के प्रवेश द्वार पर फीता काटकर किया। इसके बाद पूर्व विद्यार्थी विद्यालय पहुंचे और प्रार्थना सभा में शामिल हुए। उन्होंने अपनी पुरानी कक्षाओं में बैठकर स्कूली दिनों के अनुभव साझा किए। गुरूजनों ने भी पूर्व विद्यार्थियों के साथ बिताए पुराने पलों को याद किया। कार्यक्रम आयोजक रमेश कुमार ने बताया कि केसीसी केंद्रीय विद्यालय नंबर – 2 के 1995 के 12वीं बैच के दोस्तों ने यह पुनर्मिलन समारोह आयोजित किया। उन्होंने कहा कि 31 साल बाद एक साथ जुटना सभी के लिए बेहद भावुक और यादगार क्षण रहा।

‘नंबर कम आने से कुछ नहीं होता, आगे बढ़ने का जज्बा जरूरी’

दुबई से आए पंकज जांगिड़ ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि दसवीं-बारहवीं कक्षा में नंबर कम आने से जीवन में कुछ खत्म नहीं हो जाता। व्यक्ति में आगे बढ़ने का जज्बा और मेहनत करने की इच्छाशक्ति होनी चाहिए। थाईलैंड से आए भूपेंद्र प्रकाश ने कहा कि जरूरी नहीं कि पर्दे के सामने आने वाला व्यक्ति ही आगे बढ़े। पर्दे के पीछे रहकर काम करने वाला व्यक्ति भी सफलता हासिल कर सकता है। इसके लिए लक्ष्य निर्धारित कर लगातार प्रयास करना जरूरी है। केरल से आईं सिंधु नायर और कोलकाता से पहुंचीं स्वाती बनर्जी ने कहा कि विद्यालय की मिट्टी की खुशबू आज भी उनके मन और मस्तिष्क में बसी हुई है। विद्यालय परिसर में पहुंचते ही उन्हें ऐसा लगा जैसे 31 साल का समय पलभर में पीछे लौट आया हो। बिहार से आईं मीनू, नोएडा की कंचन, सरिता और श्यामा सहित अन्य पूर्व विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

पूर्व विद्यार्थी संस्थान की सबसे बड़ी ताकत : यादव

पूर्व अध्यापक एचएस यादव ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खेतड़ीनगर से शिक्षा प्राप्त करने वाले पूर्व विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए उसके पूर्व विद्यार्थी ऐसी सशक्त कड़ी होते हैं, जो संस्थान को नई उपलब्धियां हासिल करने में सहयोग देते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय नंबर – 2 के विद्यार्थी देश ही नहीं, बल्कि विश्वभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। विद्यालय की ओर से पुराने विद्यार्थियों को बुलाकर वर्तमान विद्यार्थियों के साथ उनके अनुभव साझा कराने का प्रयास किया जाता है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके। उन्होंने ऐसे कार्यक्रम हर वर्ष आयोजित करने का निर्णय बताया। रीयूनियन मीट के दौरान पूर्व विद्यार्थियों ने गुरूजनों और दूर-दराज से पहुंचे अपने साथियों का सम्मान किया। 31 साल बाद एक मंच पर मिले सहपाठियों ने पुरानी यादों को साझा किया और स्कूली दिनों की याद में खूब बातें कीं। सुनीता छिछोलिया और सुरेश कुमार ने आभार जताया, जबकि राजकुमार शेखावत ने कार्यक्रम का संचालन किया। समारोह में पूर्व अध्यापक एसएस शर्मा, केके शर्मा, केके यादव, दर्शना, जेपी सिंघल तथा पूर्व विद्यार्थी भगतसिंह, मनोहर सिंह, डॉ. हेमा अग्रवाल, कर्नल ललिताब, अनुप नायर, जयप्रकाश, कंचन, मीनू, अनिता शर्मा, अंशु सहित अनेक पूर्व विद्यार्थी मौजूद रहे।

चूरू में 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी | अमन-चैन और भाईचारे का देगा संदेश | Churu News

 

Advertisement