Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं छह माह से अंधेरे में ज्योतिभा नगर की गुनेड़ की ढाणी, स्ट्रीट...

छह माह से अंधेरे में ज्योतिभा नगर की गुनेड़ की ढाणी, स्ट्रीट लाइट लगाने के बाद भी नहीं मिला कनेक्शन

चालू कराने की मांग को लेकर वार्डवासियों का प्रदर्शन, नगर पालिका पर लगाया लापरवाही का आरोप; सफाई व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

खेतड़ी।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी नगर पालिका के वार्ड नंबर 1 ज्योतिभा नगर की गुनेड़ की ढाणी में करीब छह माह पहले लगाई गई स्ट्रीट लाइट अब तक चालू नहीं होने से वार्डवासियों में रोष है। स्ट्रीट लाइट चालू कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को वार्डवासियों ने विरोध प्रदर्शन कर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने जल्द विद्युत कनेक्शन कराकर स्ट्रीट लाइट शुरू कराने की मांग की। वार्डवासी भीवाराम सैनी, रामकरण सैनी और राजेंद्र प्रसाद सैनी ने बताया कि गुनेड़ की ढाणी पहले ग्राम पंचायत नानूवाली बावड़ी के क्षेत्र में आती थी, लेकिन नगर पालिका विस्तार के दौरान इसे खेतड़ी नगर पालिका में शामिल कर दिया गया। नगर पालिका की ओर से करीब छह माह पहले ढाणी में स्ट्रीट लाइट तो लगा दी गई, लेकिन आज तक उसका विद्युत कनेक्शन नहीं किया गया। मुख्य सड़क पर डीपी लगाए जाने के बावजूद स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन नहीं होने से लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

कनेक्शन जोड़ा तो तीन दिन बाद हटा दिया

वार्डवासियों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा एक बार स्ट्रीट लाइट को चेक कर सीधा कनेक्शन जोड़कर चालू किया गया था। हालांकि, विद्युत विभाग ने तीन-चार दिन बाद उक्त कनेक्शन हटा दिया। इसके बाद से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है। लोगों का कहना है कि छह माह से लाइट लगाने के बावजूद उसका उपयोग नहीं होना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड की सड़क की स्थिति भी अच्छी नहीं है। रात के समय अंधेरा रहने के कारण लोगों और बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है। कई बार अंधेरे में लोगों के गिरने की स्थिति भी बन जाती है। लोगों ने कहा कि ढाणी पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है और यहां जंगली जानवरों का भी आवागमन रहता है। ऐसे में रात के समय स्ट्रीट लाइट का बंद रहना सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर समस्या है । वार्डवासियों ने नगर पालिका में शामिल किए जाने के बावजूद मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया। लोगों ने बताया कि वार्ड में नियमित सफाई नहीं होती और कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ी भी तीन-चार दिन में एक बार आती है। इससे वार्ड में गंदगी की समस्या बनी रहती है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से नियमित सफाई व्यवस्था और कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने की मांग की। सामाजिक कार्यकर्ता अशोक सैनी ने कहा कि ज्योतिभा नगर की गुनेड़ की ढाणी पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है। यहां जंगली जानवरों का आवागमन रहता है। स्ट्रीट लाइट लगाए जाने पर ग्रामीणों ने उम्मीद जताई थी कि अब रात में आवागमन सुरक्षित होगा, लेकिन छह माह बाद भी ढाणी अंधेरे में है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल विद्युत कनेक्शन कराकर स्ट्रीट लाइट शुरू कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उच्च स्तरीय शिकायत कर मामले की जांच की मांग की जाएगी। विरोध प्रदर्शन के दौरान भीवाराम सैनी, रामकरण सैनी, राजेंद्र प्रसाद सैनी, शम्भु सैनी, रामनिवास सैनी, महेश, प्रवीण, सरदारराम, बंटी, ताराचंद, मुकेश, लोकेश, प्रेमलता देवी, अंगूरी देवी और कविता देवी, सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

चूरू में 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी | अमन-चैन और भाईचारे का देगा संदेश | Churu News

 

Advertisement