Advertisement
Home चूरू सरदारशहर अवैध यूरिया भंडारण पर कृषि विभाग का छापा, 229 बैग जब्त

अवैध यूरिया भंडारण पर कृषि विभाग का छापा, 229 बैग जब्त

सरदारशहर के अड़मालसर गांव में अवैध यूरिया भंडारण की शिकायत पर कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

कालाबाजारी की आशंका पर कार्रवाई, यूरिया के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे; पुलिस जाब्ता भी रहा मौजूद

सरदारशहर। सरदारशहर तहसील के ग्राम अड़मालसर में यूरिया के अवैध भंडारण और विक्रय की शिकायत पर कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक घर के परिसर से यूरिया के 229 बैग जब्त किए गए। विभाग को आशंका है कि यूरिया का अवैध रूप से भंडारण कर कालाबाजारी की जा रही थी। जब्त यूरिया के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम अड़मालसर में मुकन सिंह के घर के परिसर में यूरिया का भंडारण कर उसका अवैध विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कृषि विभाग की टीम ने सरदारशहर पुलिस थाने के जाब्ते के साथ शाम के समय मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने परिसर से यूरिया के 229 बैग जब्त किए।

डूंगर राम देहड़ू द्वारा रखवाने की बात कही

विभाग के अनुसार, मुकन सिंह निवासी अड़मालसर ने बताया कि यूरिया के बैग डूंगर राम देहड़ू निवासी राणासर बिकान ने वहां रखवाए थे। हालांकि, यूरिया के भंडारण और विक्रय से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के तहत अनधिकृत स्थान पर यूरिया का भंडारण या विक्रय करना नियमों का उल्लंघन है। इसी के तहत सभी 229 बैग जब्त कर ग्राम सेवा सहकारी समिति मेहरासर चचेरा को सुपुर्द किए गए।

नकली यूरिया की आशंका, नमूने जांच के लिए भेजे

जब्त यूरिया के बैग चंबल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड कंपनी के निर्मित बताए गए हैं। यूरिया की गुणवत्ता और उसके वास्तविक स्वरूप की जांच के लिए नमूने लिए गए और प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही यूरिया की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कृषि विभाग और पुलिस की टीम रही मौजूद

जब्ती की कार्रवाई उर्वरक निरीक्षक एवं कृषि अधिकारी विपिन भादू ने की। कार्रवाई के दौरान डॉ. राजेंद्र कुमार, सहायक निदेशक कृषि मुख्यालय चूरू, कुलदीप शर्मा, सहायक निदेशक कृषि विस्तार चूरू, विजयपुरी कृषि अधिकारी चूरू, सांवरमल जाखड़, हरि सिंह और सांवरमल पारीक वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक मौजूद रहे।वहीं पुलिस की ओर से एसआई गोरूराम, एएसआई प्रतापजी, एफसी लीलाधर और कांस्टेबल जय सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी कार्रवाई में शामिल रहे।

Advertisement