बबाई पुलिस की कार्रवाई , उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले का निवासी 50 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश

खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बबाई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में करीब 15 साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा खेतड़ी वृत्ताधिकारी राजेन्द्र कुमार बुरड़क के सुपरविजन में बबाई थानाधिकारी सत्यवीर के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को बबाई थाने के सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार एवं कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण ने कार्रवाई करते हुए खेतड़ी के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के प्रकरण संख्या 108/11 में भारतीय दंड संहिता की धारा 379 के तहत जारी स्थायी वारंट में वांछित आरोपी अवनीश कुमार को डिटेन किया। इसके बाद उसे थाना बबाई लाया गया, जहां गिरफ्तारी वांछित होने पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवनीश पुत्र सोरन, उम्र 50 वर्ष, निवासी कानऊ, थाना हसायन, जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी चोरी के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा था। स्थायी वारंटी की गिरफ्तारी की कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार एवं कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण शामिल रहे। बबाई थाना पुलिस ने फरार वारंटियों की धरपकड़ के अभियान के तहत यह कार्रवाई की।












