टैलेंट्स विला स्टेज की ओर से ओपन माइक कार्यक्रम आयोजित, सरदारशहर इकाई का गठन कर सुनील खांडल को बनाया प्रभारी

सरदारशहर। क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और युवाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से टैलेंट्स विला स्टेज, चूरू की ओर से रविवार को बस स्टैंड के पास ओपन माइक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय युवाओं ने कविता, शायरी, गायन, बांसुरी वादन और कॉमेडी की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। चूरू से पहुंचे टीम सदस्यों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग जमाया।
कार्यक्रम में सरदारशहर क्षेत्र से पलक शर्मा, चंचल, ज्योति, अब्बास, पुनेश, रेहान, शिवरतन खीचड़, काव्यांश, हिमांक, गुंजन चौहान और आरके प्रजापत ने कविता व शायरी की प्रस्तुतियां दीं। वहीं तपेश सोनी, प्रत्युष, गुड्डू जांगिड़, आदिल, नंदलाल, ऋषभ, कोमल, माया, खुशबू और संदीप कस्वां ने गायन के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया। चैतन्य निर्वाण ने बांसुरी वादन और मुकेश ने कॉमेडी प्रस्तुति से खूब वाहवाही लूटी।
छोटे शहरों की प्रतिभाओं को आगे लाना उद्देश्य
संस्था के संस्थापक प्रदीप कथक ने बताया कि छोटे शहरों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उचित मंच नहीं मिलने के कारण कई युवा अपनी कला को सामने नहीं ला पाते। टैलेंट्स विला का मुख्य उद्देश्य ऐसे युवाओं को बिना किसी झिझक के अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास निखारने का अवसर देना है।
सरदारशहर इकाई का गठन, सुनील खांडल प्रभारी नियुक्त
कार्यक्रम के दौरान टैलेंट्स विला टीम का विस्तार करते हुए सरदारशहर इकाई का गठन किया गया। इसमें सुनील खांडल ‘स्वराज’ को इकाई प्रभारी तथा भावना प्रजापत को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। आयोजन में दोनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में विकास पूनिया ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण चारण और रोहिताश ने किया। इस दौरान आयोजन संस्था और टैलेंट्स विला टीम के सदस्यों ने एक-दूसरे को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।














