सुबह 6 बजे से कार्रवाई , अस्पताल के गेट पर पुलिस का पहरा , स्टाफ के मोबाइल लिए , कंप्यूटरों में खंगाले जा रहे रिकॉर्ड , पानीपत के भाटिया कार्यालय तक जुड़े कार्रवाई के तार!

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
मिली जानकारी के अनुसार शहर के चूरू रोड स्थित आर एंड आर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में सोमवार सुबह आयकर विभाग की कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई। सुबह करीब 6 से 6.30 बजे के बीच पांच गाड़ियों में सवार होकर पहुंची टीम ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान अस्पताल के मुख्य गेट पर पुलिस के जवान तैनात रहे। अस्पताल में आने-जाने वाले लोगों के बैग की जांच की गई और उनसे अस्पताल आने का कारण पूछा गया वहीं, अस्पताल में लगे कंप्यूटरों और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल भी की गई । मौके पर 15 से अधिक लोगों की टीम के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, झुंझुनूं के आर एंड आर हॉस्पिटल में चल रही कार्रवाई के तार हरियाणा के पानीपत से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। पानीपत के मॉडल टाउन स्थित भाटिया कार्यालय में भी आयकर विभाग की कार्रवाई होने की जानकारी सामने आई है। वहां दिल्ली और पंजाब की संयुक्त टीमों के शामिल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, झुंझुनूं और पानीपत में चल रही कार्रवाई के संबंध में विभाग की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
पांच इनोवा क्रिस्टा में पहुंची टीम , गेट पर पुलिस तैनात
अस्पताल परिसर में मौजूद पांचों गाड़ियां इनोवा क्रिस्टा बताई जा रही हैं। इनमें दो गाड़ियां हरियाणा, दो पंजाब और एक जयपुर नंबर की हैं। सभी गाड़ियों पर टैक्सी नंबर प्लेट लगी हुई है। टीम के सदस्य अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में जांच करते नजर आए। मुख्य गेट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ अस्पताल में आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही पर निगरानी रखी गई ।
स्टाफ के मोबाइल फोन लिए, कंप्यूटरों की जांच
कार्रवाई के दौरान अस्पताल के नाइट ड्यूटी स्टाफ के मोबाइल फोन लिए जाने की जानकारी सामने आई है। अस्पताल में लगे कंप्यूटरों की जांच की गई और स्टाफ को कंप्यूटर नहीं छूने की हिदायत दिए जाने की बात भी सामने आई है। इससे जांच के दायरे में डिजिटल रिकॉर्ड और कंप्यूटर सिस्टम भी शामिल होने के संकेत मिल रहे हैं। कार्रवाई में हरियाणा पुलिस के जवानों के शामिल होने की जानकारी भी मिली है। हालांकि, जांच किन दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन या कारोबारी गतिविधियों को लेकर की जा रही है, इस बारे में अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पानीपत के भाटिया कार्यालय में भी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, आर एंड आर हॉस्पिटल का संचालन अनिल भाटिया और अश्विनी भाटिया से जुड़ा है। पानीपत के मॉडल टाउन स्थित भाटिया कार्यालय में भी आयकर विभाग की कार्रवाई की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि भाटिया परिवार से जुड़ी कंपनियां दवाओं की आपूर्ति और वितरण के कारोबार में सक्रिय हैं। इनमें प्लस डिस्ट्रीब्यूशन और प्लस डिस्ट्रीब्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के नाम सामने आए हैं। इन कंपनियों का मुख्यालय गुरूग्राम में बताया जा रहा है।अनिल कुमार और अश्विनी कुमार भाटिया के विभिन्न कंपनियों में निदेशक होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, इन कंपनियों के कारोबार और अस्पताल में चल रही कार्रवाई के बीच संबंधों को लेकर संबंधित विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
ढाई से तीन साल पहले बदला था अस्पताल का संचालन
अस्पताल के स्टाफ से मिली जानकारी के अनुसार, आर एंड आर हॉस्पिटल पहले डॉ. राजेश रेवाड़ के स्वामित्व और संचालन में था। करीब ढाई से तीन साल पहले अस्पताल को गुरूग्राम निवासी अनिल भाटिया और अश्विनी भाटिया को बेच दिया गया बताया था। इसके बाद से दोनों भाइयों द्वारा अस्पताल का संचालन किए जाने की जानकारी है।
कार्रवाई के बीच मरीजों का इलाज जारी
आयकर विभाग की कार्रवाई के दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा और निगरानी बढ़ी रही। हालांकि, अस्पताल के स्टाफ के अनुसार, डॉक्टर और नर्स अपना नियमित काम करते रहे तथा मरीजों का उपचार और अन्य चिकित्सा सेवाएं जारी रहीं। फिलहाल मरीजों के इलाज में किसी तरह की परेशानी आने की सूचना नहीं है। फिलहाल कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। खबर लिखे जाने तक जांच के कारणों, संबंधित कंपनियों के रिकॉर्ड और कार्रवाई के निष्कर्षों को लेकर विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर सामने आ सकेगी।












