शेखावाटी पब्लिक स्कूल हेतमसर में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा विद्यालय परिसर

80वें स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों से बांधा समां, आयुष बने हेड बॉय और इंशा आयुषी हेड गर्ल

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

मंडावा । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शेखावाटी पब्लिक स्कूल, हेतमसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में विद्यालय परिसर तिरंगे की शान, राष्ट्रभक्ति के गीतों और विद्यार्थियों के उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लेखूराम मित्तल ने विद्यालय प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। समारोह में कार्यकारी निदेशक दीपिका मित्तल एवं निर्मला मित्तल ने विद्यार्थी परिषद के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को सम्मानित किया। इस दौरान आयुष को हेड बॉय तथा इंशा आयुषी को हेड गर्ल घोषित किया गया। वहीं अविका शेखावत को भावा हाउस, अबीर खान को बॉस हाउस, आरजू को कलाम हाउस एवं आयुषी को रमन हाउस का हाउस कैप्टन नियुक्त किया गया।

‘अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी से काम करना भी राष्ट्रसेवा’

विद्यालय के प्रधानाचार्य जे.एस. फौजदार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देशभक्ति की भावना केवल राष्ट्रीय पर्वों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सीमा पर जाकर देश की सेवा करना ही राष्ट्रभक्ति नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं उत्कृष्टता के साथ कार्य करना भी सच्ची राष्ट्रसेवा है। संचालक संतोष मित्तल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनेक वीरों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। ऐसे में स्वतंत्रता का संरक्षण एवं राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है। एकेडमिक निदेशक ज्योति मित्तल ने विद्यार्थियों को सकारात्मक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ निरंतर आगे बढ़ने तथा अनुचित कार्यों से दूर रहकर प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया। वहीं सेल्फ डिफेंस, जूडो एवं बॉक्सिंग के शानदार प्रदर्शन ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अनुशासन एवं शारीरिक दक्षता को प्रदर्शित किया। प्रस्तुतियों को उपस्थितजनों ने सराहा। वक्ता उज्ज्वल मित्तल ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग के साथ कौशल आधारित शिक्षा अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुरूप विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं कौशल का निरंतर विकास करते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए। कार्यक्रम का नरेंद्र सिंह शेखावत एवं पायल शर्मा ने संयुक्त रूप से प्रभावी संचालन किया। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का ऐसा माहौल बना रहा कि हर ओर तिरंगा, राष्ट्रभक्ति के स्वर और विद्यार्थियों का उत्साह नजर आया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं देश के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत किया।

चूरू में 100 फुटवियर कारीगरों को टूल किट और प्रमाण पत्र | राठौड़-सहारण ने किया सम्मानित