निकाय चुनाव से पहले पुलिस की सख्ती, थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटरों की संख्या बढ़कर 21 हुई; आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के रिकॉर्ड की भी जांच शुरू
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

पिलानी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को लेकर पिलानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले हर्ष उर्फ सिमी की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पिलानी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटरों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी पिलानी अलका विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार हर्ष उर्फ सिमी पुत्र राजेन्द्र, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 19, भगतसिंह सर्किल के पास, पिलानी पिलानी क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहा है। इसके मद्देनजर पुलिस ने उसके विरुद्ध हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की है।
अपराधियों की गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर
हिस्ट्रीशीट खोले जाने के बाद पुलिस संबंधित अपराधी की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखेगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना और आमजन में सुरक्षित माहौल कायम रखना है। आगामी निकाय चुनावों के मद्देनजर पिलानी थाना पुलिस ने सक्रियता और बढ़ा दी है। थाना क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों एवं अन्य आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस ऐसे लोगों की गतिविधियों और पुराने रिकॉर्ड को खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यकता पड़ने पर ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध हिस्ट्रीशीट खोलने सहित अन्य प्रभावी एवं कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।













