घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाले 3 मुख्य आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त

पिलानी।झुंझुनू । अजीत जांगिड़
पुलिस थाना पिलानी ने घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और जानलेवा हमला करने के सनसनीखेज मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी चन्द्रभान के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार घुमनसर कलां निवासी परिवादी विनोद कुमार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 8 मई की रात गांव का योगेन्द्र उसकी मोटरसाइकिल लेकर चला गया। इसके कुछ समय बाद आशिष, प्रीतम सहित करीब 20 लोग गाड़ियों और कारों में सवार होकर हथियारों के साथ उसके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की तथा परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि हमलावरों ने उसकी पुत्री को उठाकर ले जाने का प्रयास किया तथा गाड़ी से कुचलकर जान से मारने की कोशिश की। जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। लगातार तलाश और तकनीकी अनुसंधान के बाद पुलिस ने मंगलवार को वारदात में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों में नवा निवासी 22 वर्षीय सन्टी कुमार, नेशल छोटी निवासी 31 वर्षीय पपीन्द्र कुमार तथा नेशल छोटी निवासी 26 वर्षीय विकास शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।