घर के बाहर खड़ी बाइक मिनटों में पार, पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा शातिर चोर

पिलानी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र के दम पर अंकित गिरफ्तार, चोरी गई हीरो एच एफ डीलक्स बरामद

पिलानी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पिलानी कस्बे में घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली। पुलिस की तेज कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से पड़ताल और सटीक आसूचना के चलते शातिर चोर कानून के शिकंजे से बच नहीं सका। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन में थाना पिलानी पुलिस ने यह सफलता हासिल की। कार्रवाई थाना प्रभारी चन्द्रभान के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दी। पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को पिलानी निवासी दिनेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी हीरो एच एफ डीलक्स मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी कर अंदर गया था। कुछ देर बाद बाहर लौटने पर बाइक गायब मिली। आसपास तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे नामजद किया गया। इसके बाद 3 मई को पुलिस टीम ने थिरपाली बड़ी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी अंकित कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।