खेतड़ी में भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

नगर पालिका चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को मिला जीत का मंत्र, विधायक धर्मपाल गुर्जर बोले—‘खुद को नहीं, कमल के फूल को मानें उम्मीदवार’

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
कस्बे के श्याम मंदिर विश्रामगृह परिसर में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल एवं अग्रिम संगठनों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और 13 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को लेकर मंथन किया गया। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुल्हरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। बैठक में सर्वसम्मति से 13 अगस्त को सुबह 8:15 बजे पोलो ग्राउंड से भव्य तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया।

‘कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़, जीतने वाले को ही टिकट’

विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका चुनाव में पार्टी की ओर से उसी व्यक्ति को टिकट दिया जाएगा, जो चुनाव जीतने में सक्षम हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे स्वयं को उम्मीदवार मानने के बजाय कमल के फूल को उम्मीदवार मानकर पार्टी की जीत के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर मेहनत करें और खेतड़ी में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का संकल्प लें।

‘नगर पालिका में कमल का फूल फहराना लक्ष्य’

भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुल्हरी ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता एक लक्ष्य निर्धारित कर ले कि खेतड़ी नगर पालिका में कमल का फूल फहराना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आज से ही वार्डों में जाकर कार्यकर्ताओं से संपर्क करने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कुल्हरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति अपने घर पर तिरंगा फहराए और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करे। उन्होंने 13 अगस्त को होने वाली तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

पोलो ग्राउंड से निकलेगी तिरंगा यात्रा

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गुरूवार, 13 अगस्त को सुबह 8:15 बजे पोलो ग्राउंड से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। कार्यक्रम के अंत में पूर्व पालिका अध्यक्ष विजेश शाह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में जिला महामंत्री योगेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष पूनम धर्मपाल गुर्जर, जिला मंत्री निखिल शर्मा, शेर सिंह निर्वाण, फतेह सिंह शेखावत, शहर मंडल अध्यक्ष ज्योति भारद्वाज, नगेन्द्र सोढा, शशि सैनी, नंदकिशोर चौकड़ी वाला, डॉ. सोमदत्त भगत, विद्याधर सैनी, सुरेश पांडे, प्रताप सिंह शेखावत, चयन सिंह शेखावत, राजेंद्र नवीन, कैलाश स्वामी, विजेंद्र सैनी, अजीत तंवर, रामानंद नायक, पवन कुमार शर्मा, विश्वंभर लाल शर्मा, वंदना मावर, रेणु यादव, मंजू शर्मा, अशोक सोनी सहित सभी वार्डों से आए सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।