बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल: कादरिया वाली ढाणी का मुख्य रास्ता हुआ जलमग्न

घुटनों तक पानी भरने से ग्रामीणों का आवागमन हुआ प्रभावित, बच्चों की पढ़ाई और मजदूरों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ रहा असर

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड की ग्राम पंचायत नानूवाली बावड़ी की कादरिया वाली ढाणी में बारिश के बाद मुख्य रास्ते पर जलभराव ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी रास्ते पर ही जमा हो रहा है। स्थिति यह है कि कई बार रास्ते पर घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दिनों में सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और मजदूरों को उठानी पड़ती है। जलभराव के कारण बच्चों का स्कूल पहुंचना कठिन हो जाता है, वहीं मजदूरों को भी काम पर जाने के लिए पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से रास्ते पर गंदगी और कीचड़ फैल जाता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

हर बारिश में बनती है यही स्थिति

ग्रामीणों का कहना है कि कादरिया वाली ढाणी में जलभराव की समस्या नई नहीं है। हर वर्ष बारिश के मौसम में मुख्य रास्ता पानी से लबालब हो जाता है। पानी की निकासी के लिए स्थायी इंतजाम नहीं होने के कारण बारिश रूकने के बाद भी कई दिनों तक रास्ते पर गंदा पानी जमा रहता है। इससे राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को भी आवागमन में परेशानी होती है। सामाजिक कार्यकर्ता संजय सैनी ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से इस समस्या से परेशान हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं ग्राम विकास अधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए केवल अस्थायी इंतजाम करने के बजाय नाली निर्माण अथवा पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, ताकि हर बारिश में ग्रामीणों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस दौरान घीसाराम सैनी, रोहतास सैनी, नाथूराम सैनी, बलराम सैनी और अनिल सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करवाने और रास्ते को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।