तखतगढ़-बिठिया मार्ग पर ओवरटेक के प्रयास में हुआ हादसा, कार सवार चार लोग सुरक्षित
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

पाली । पी.एस. चारण
तखतगढ़-बिठिया मार्ग पर मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार कार ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 11 केवी विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 4-5 बार पलटती हुई सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार को भी चपेट में ले लिया। हादसे में आहोर तहसील के थूबा निवासी महावीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल महावीर सिंह को तत्काल तखतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सुमेरपुर रेफर कर दिया।
कार में सवार चारों लोग सुरक्षित
जानकारी के अनुसार कार में चालक सहित कुल चार लोग सवार थे। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। वहीं बाइक सवार को गंभीर चोटें आईं।हादसे की सूचना मिलते ही तखतगढ़ पुलिस के हेड कांस्टेबल जगदीश कुमार विश्नोई और कांस्टेबल अमरचंद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त कार एवं मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने में रखवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की भयावहता देख लोगों में मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के कई बार पलटने से हादसा बेहद भयावह नजर आया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए कार सवारों के सुरक्षित बच निकलने को लेकर “जाको राखे साइयां, मार सके ना कोय” कहावत चरितार्थ होती नजर आई। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।













