सीकर में तनिष्क शोरूम फायरिंग और लूट की कोशिश का खुलासा, बिहार गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार

13 दिन बाद पुलिस को मिली सफलता, 4 हजार CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों तक पहुंची टीम; कैथल में भी तनिष्क शोरूम को निशाना बनाने की थी तैयारी

सीकर। राहुल टांक
शहर के सिल्वर जुबली रोड स्थित तनिष्क ज्वैलरी शोरूम में 26 जुलाई को हुई फायरिंग और लूट की कोशिश के मामले का सीकर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने करीब 13 दिन की जांच के बाद बिहार की गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को मेरठ से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार और तीन अपाचे मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।पुलिस के अनुसार बदमाशों ने शोरूम में लूट के इरादे से फायरिंग की थी। वारदात के बाद आरोपी हरियाणा के कैथल स्थित एक अन्य तनिष्क शोरूम की भी रेकी कर रहे थे।मामले का खुलासा पुलिस ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर किया।

शोरूम में घुसकर की थी फायरिंग

कोतवाली थाना अधिकारी सुनील कुमार जांगिड़ के अनुसार 26 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे छह हथियारबंद बदमाश तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर तनिष्क शोरूम पहुंचे थे। बदमाशों ने शोरूम के अंदर फायरिंग की और सुरक्षा गार्ड की बंदूक छीनकर ज्वैलरी लूटने का प्रयास किया।इसी दौरान शोरूम का सायरन बज गया। इसके बाद बदमाश बाहर निकले और तीनों मोटरसाइकिलों पर दो-दो सवार होकर फरार हो गए।

4 हजार CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

डीवाईएसपी दिलीप मीणा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए करीब 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीकर से लेकर हरियाणा तक बदमाशों के संभावित रास्तों पर लगे करीब 4 हजार CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।तकनीकी विश्लेषण और आपराधिक सूचनाओं के आधार पर पुलिस को वारदात में बिहार की गैंग के शामिल होने के संकेत मिले। जांच के दौरान आरोपियों के कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल और अंबाला क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी मिली।

मेरठ में क्रेटा कार से पकड़े गए आरोपी

पुलिस टीमों ने तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपियों का पीछा करते हुए मेरठ तक पहुंच बनाई। तनिष्क शोरूम के CCTV फुटेज में सामने आए हुलिए और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मेरठ में क्रेटा कार में बैठे तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

कैथल, करनाल और कुरुक्षेत्र से बरामद हुई बाइक

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तीन अपाचे मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। इनमें एक बाइक कैथल बस डिपो, दूसरी करनाल रेलवे स्टेशन के पास और तीसरी कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन की पार्किंग से बरामद हुई।पुलिस के मुताबिक मोटरसाइकिलें चोरी की गई थीं और वारदात के बाद आरोपियों ने इन्हें अलग-अलग पार्किंग स्थलों पर खड़ा कर दिया था।

तीनों आरोपी बिहार के रहने वाले

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिट्टू कुमार उर्फ अजीत आनंद निवासी मोतिहारी, राहुल कुमार उर्फ चोना निवासी बेगूसराय और संजीव कुमार निवासी पटना, बिहार के रूप में की है।पुलिस के अनुसार बिट्टू कुमार उर्फ अजीत आनंद बिहार के नवादा में लूट के एक मामले में 50 हजार रुपये का इनामी भी बताया जा रहा है। तीनों आरोपी लूट, डकैती और हत्या जैसे गंभीर मामलों में चालानशुदा एवं वांछित बताए जा रहे हैं।

सीकर के बाद कैथल में शोरूम को निशाना बनाने की थी तैयारी

पुलिस जांच में सामने आया कि सीकर में तनिष्क शोरूम की लूट की कोशिश विफल होने के बाद गैंग ने हरियाणा के कैथल स्थित तनिष्क शोरूम को निशाना बनाने की तैयारी शुरू कर दी थी। आरोपी कैथल, करनाल और कुरुक्षेत्र क्षेत्र में ठहरे हुए थे और शोरूम की रेकी कर रहे थे।पुलिस के मुताबिक बिहार में मौजूद गैंग का मुखिया पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा है। गैंग पर अलग-अलग राज्यों और कस्बों में गोल्ड शोरूमों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने के आरोप हैं। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और कथित मुखिया की तलाश में जुटी है।