देवकरण उर्फ देवला जाट की हत्या की साजिश रचने के आरोप में कार्रवाई, संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र के एंगल से जांच जारी
चूरू। दूधवाखारा थाना क्षेत्र में प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्य देवकरण उर्फ देवला जाट की हत्या की कथित साजिश रचने के मामले में गिरफ्तार आरबीजी गैंग के 21 आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने पांच आरोपियों को 6 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया, जबकि 16 आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए।पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपियों में रामस्वरूप (बणिका बास), गोपीराम (दूधवा मीठा), खालिद (राणासर), अनिल उर्फ गुड्डू (अलायला, भादरा) और नरेंद्र सिंह (चूरू) शामिल हैं। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर साजिश, गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाएगी।वहीं, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपियों में जाहिर खान, अल्ताफ, आदिल, विकास शर्मा, अनिल चौहान, सचिन कुमार, प्रदीप खींची, सुनील, मनीष कुमार, इरफान, तारिफ, रमजान, इमदाद सहित कुल 16 आरोपी शामिल हैं।मामले की जांच कर रहे कोतवाली थाना प्रभारी गौरव खिड़िया ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान डीएसटी और दूधवाखारा थाना पुलिस ने आरबीजी गैंग के सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्य देवकरण उर्फ देवला जाट की हत्या की साजिश रच रहे थे।उन्होंने बताया कि इससे पहले इसी प्रकरण में दूधवाखारा थाना पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। उसी मामले में संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी जांच के दौरान कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि में आरोपियों से गहन पूछताछ कर पूरे गिरोह के नेटवर्क, वारदात की योजना, हथियारों की उपलब्धता तथा अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच की जाएगी।













