फेसबुक पर ऑर्डर करने के बाद फोनपे के जरिए खाते से उड़ी रकम, साइबर हेल्पलाइन की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को मिली राहत
चूरू। सदर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 99 हजार 704 रुपये वापस दिलाकर बड़ी राहत पहुंचाई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देशन में सदर थाने के साइबर पोर्टल पर कार्यरत कांस्टेबल अनिल कुमार द्वारा की गई।पुलिस के अनुसार राणासर निवासी 70 वर्षीय नौरंग लाल शर्मा ने 4 अप्रैल 2026 को फेसबुक के माध्यम से ड्राई फ्रूट का ऑर्डर किया था। इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर ऑर्डर प्रक्रिया पूरी कराने के बहाने उनसे फोनपे (PhonePe) ऐप खुलवाया और कुछ नंबर दर्ज करवाए। इसके तुरंत बाद उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 99,704 रुपये निकाल लिए गए।ठगी का पता चलते ही नौरंग लाल शर्मा ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही सदर थाना पुलिस सक्रिय हुई और साइबर पोर्टल के माध्यम से ठगी की रकम का ट्रेल ट्रेस कर संबंधित बैंक खातों को तुरंत होल्ड करवा दिया।इसके बाद विभिन्न बैंकों और साइबर पोर्टल के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक दस्तावेज जुटाए गए। न्यायालय के आदेश के बाद पूरी राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस जमा करा दी गई।राशि वापस मिलने पर नौरंग लाल शर्मा ने सदर थाना पुलिस और साइबर टीम का आभार व्यक्त किया।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई प्रक्रिया न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते या यूपीआई संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान से बचा जा सके।













