सावन माह में सुरेका शक्ति मंदिर में श्रद्धाभाव से हुआ भगवान शिव का रुद्राभिषेक
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
चूरू। सावन माह के पावन अवसर पर मंगलवार को रतननगर स्थित सुरेका शक्ति मंदिर में सुरेका परिवार की ओर से भगवान शिव का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।इस अवसर पर समाजसेवी प्रकाश सुरेका ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की उपासना के लिए अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र माह में रुद्राभिषेक, जलाभिषेक और शिव आराधना से मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक बल प्राप्त होता है। साथ ही ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, संस्कारों और आध्यात्मिक चेतना को भी सुदृढ़ करते हैं।मंदिर के पुजारी मोतीलाल एवं जगदीश ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया। उन्होंने श्रद्धालुओं को भगवान शिव की आराधना के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि सावन में सच्चे मन से की गई शिव भक्ति जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने सभी से धर्म, सदाचार और मानव सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया।रुद्राभिषेक के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया और अंत में भगवान शिव की आरती कर सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।











