चूरू पुलिस का बड़ा एक्शन : रोड़ पर स्टंट किया तो अब चालान नहीं, दर्ज होगा मुकदमा

सड़क पर जानलेवा करतब दिखाने वाला युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त, बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज; सीआई गौरव खिड़िया की दो टूक— अब सिर्फ चालान नहीं, आपराधिक रिकॉर्ड भी बनेगा

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चूरू | इंटरव्यूअर इंडिया
चूरू शहर की सड़कों पर स्टंटबाजी करने वाले युवाओं के लिए कोतवाली पुलिस ने बड़ा संदेश दिया है। अब ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर सड़क पर स्टंट करने वालों को केवल चालान भरकर नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसी अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने बुधवार को एक युवक को गिरफ्तार कर उसकी बाइक जब्त कर ली।
कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान कलेक्ट्रेट से पंखा सर्किल मार्ग पर एक युवक तेज रफ्तार से यामाहा बाइक दौड़ाते हुए वाहनों के बीच खतरनाक तरीके से निकल रहा था। युवक लगातार स्टंटबाजी कर रहा था, जिससे सड़क पर चल रहे वाहन चालकों और राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई।पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया। युवक कलेक्ट्रेट सर्किल से जयपुर रोड की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान विजय कुमार (25) निवासी वार्ड संख्या-19, तारानगर के रूप में हुई। जांच में बाइक के आवश्यक दस्तावेज भी उसके पास नहीं मिले।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया तथा बाइक जब्त कर ली। मामले की जांच एएसआई छगनलाल को सौंपी गई है।

सीआई की सख्त चेतावनी: “सड़क स्टंट का मैदान नहीं”

थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब केवल चालान नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर आपराधिक मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने या रोमांच के लिए सड़क पर स्टंट करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह दूसरों की जान से खिलवाड़ भी है।

आपराधिक रिकॉर्ड बनना पड़ सकता है भारी

सीआई ने बताया कि स्टंटबाजी के मामलों में दर्ज होने वाला आपराधिक प्रकरण भविष्य में कई गंभीर परेशानियां खड़ी कर सकता है। इसका असर — सरकारी नौकरी के पुलिस वेरिफिकेशन पर,
— ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी प्रक्रियाओं पर,
— पासपोर्ट सत्यापन पर,
— अन्य प्रशासनिक एवं कानूनी प्रक्रियाओं पर पड़ सकता है।

CCTV से होगी निगरानी, वीडियो बनेगा सबूत

पुलिस ने साफ किया है कि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के माध्यम से स्टंटबाजी करने वालों की पहचान की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति मौके से बच भी जाता है, तो फुटेज के आधार पर उसके खिलाफ बाद में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आपको बता दें कि यह कार्रवाई केवल एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि चूरू पुलिस की नई नीति का संकेत है। अब सड़क पर स्टंट करने वालों के लिए “चालान भरकर छूट जाना” आसान नहीं होगा। यदि किसी की लापरवाही से आमजन की सुरक्षा खतरे में पड़ती है, तो उसका सीधा परिणाम आपराधिक केस के रूप में सामने आ सकता है। यह संदेश विशेष रूप से उन युवाओं के लिए है जो सोशल मीडिया रील बनाने के लिए सार्वजनिक सड़कों को स्टंट ट्रैक बना रहे हैं।

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

रोड पर स्टंट किया तो अब होगा मुकदमा | युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त | CI गौरव खिड़िया की चेतावनी