24 घंटे में कमाल: सिंघाना पुलिस ने 13 वर्षीय बालक को रिंगस रेलवे स्टेशन से सकुशल खोज निकाला

सीसीटीवी फुटेज और लगातार पीछा कर पुलिस ने दिखाई तत्परता, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

सिंघाना। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं जिले की सिंघाना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा 13 वर्षीय बालक को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की मुस्तैदी, तकनीकी जांच और सतत प्रयासों से यह सफलता मिली, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार गुमशुदा नाबालिग बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, पुलिस उप अधीक्षक (बुहाना) नोपाराम भाकर के सुपरविजन तथा सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार बालक अपने परिजनों के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। 20 जुलाई को वह स्कूल से घर लौटा, भोजन करने के बाद दोपहर करीब 2 बजे दुकान से सामान लाने की बात कहकर निकला, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर सिंघाना थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की। टीम ने आसपास के गांवों में जाकर लोगों से पूछताछ की, संभावित स्थानों की तलाशी ली तथा विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार प्रयास और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस बालक के मूवमेंट का पीछा करते हुए रिंगस रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां से उसे सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने सिंघाना पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए टीम की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की। कार्रवाई में पुलिस टीम में थानाधिकारी सुगन सिंह , एएसआई हरिराम , कांस्टेबल सुनील कुमार , कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहें ।