Advertisement
Home राजस्थान सवाई माधोपुर कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का कांग्रेस पर हमला, बोले—‘लोकतंत्र की मर्यादाओं...

कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का कांग्रेस पर हमला, बोले—‘लोकतंत्र की मर्यादाओं का पालन जरूरी’

सवाई माधोपुर में प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस, एसआईआर और वोट चोरी के आरोपों पर बयान देते राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा

सवाई माधोपुर में प्रेसवार्ता के दौरान एसआईआर और वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष को घेरा; अकाल राहत कार्यों को लेकर कहा—पंचायतीराज चुनाव के बाद प्रभावी कार्रवाई होगी

सवाई माधोपुर। राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शुक्रवार को सवाई माधोपुर के होटल जलसा में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध प्रदर्शन की भी अपनी मर्यादाएं और सीमाएं होती हैं।

सुप्रीम कोर्ट और प्रधानमंत्री निवास के सामने प्रदर्शन पर उठाए सवाल

डॉ. मीणा ने कहा कि यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि आंदोलनकारी सुप्रीम कोर्ट और प्रधानमंत्री निवास के समक्ष प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध दर्ज कराने के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं और मर्यादाओं का पालन किया जाना चाहिए।

एसआईआर को बताया पुरानी प्रक्रिया

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर कृषि मंत्री ने कहा कि यह कोई नई प्रक्रिया नहीं है। उनके अनुसार, कांग्रेस शासनकाल में भी कई बार एसआईआर की प्रक्रिया अपनाई गई है।उन्होंने सवाल उठाया कि जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है या जो बांग्लादेशी नागरिक हैं, उनके नाम मतदाता सूची में बने रहने चाहिए या नहीं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाए रखने के लिए अपात्र नामों को हटाना जरूरी है।

वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा

वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए डॉ. मीणा ने कहा कि यदि वास्तव में वोट चोरी हो रही है, तो सवाई माधोपुर से भाजपा के चुनाव जीतने के बावजूद बामनवास से कांग्रेस की इंदिरा मीणा कैसे चुनाव जीत गईं? उन्होंने गंगापुर सिटी से कांग्रेस के रामकेश मीणा की जीत का भी उल्लेख करते हुए विपक्ष के आरोपों पर सवाल उठाए।कृषि मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस वोट चोरी जैसे मुद्दों के जरिए भ्रम फैलाने और देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।

पंचायत चुनाव के बाद होंगे अकाल राहत के काम

राजस्थान में अकाल की स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. मीणा ने बताया कि प्रदेश के कुछ जिलों की चुनिंदा तहसीलों को अकालग्रस्त घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव संपन्न होने के बाद आपदा राहत कार्यों को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक अनुमति लेकर कार्रवाई की जाएगी।

हनुमान बेनीवाल के आरोपों पर भी दी प्रतिक्रिया

हनुमान बेनीवाल की ओर से लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. मीणा ने कहा कि उनके आरोपों में कोई दम नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार लगातार जनता के हित में काम कर रही है और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

Advertisement