चाइल्ड हेल्पलाइन व कालिका पेट्रोलिंग टीम ने किया रेस्क्यू, बालिका की काउंसलिंग व मामले की जांच शुरू
चूरू। शहर के कलेक्टेट सर्किल के पास शुक्रवार शाम रोती-बिलखती और डरी-सहमी अवस्था में मिली 10 वर्षीय बालिका को चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल अधिकारिता विभाग और कालिका पेट्रोलिंग टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू किया। बालिका को फिलहाल विभागीय संरक्षण में रखा गया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।कालिका टीम की हेड कांस्टेबल कौशल्या ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह पिछले करीब आठ वर्षों से हेतमसर गांव में अपने मौसा-मौसी के पास रह रही है। बालिका ने टीम को बताया कि वह अब उनके साथ नहीं रहना चाहती। उसने आरोप लगाया कि उसकी मौसी उसके साथ मारपीट करती है।बालिका के अनुसार उसकी मां लंबे समय से बीमार है और उसने उसे अपने पास बुलाया था, लेकिन मौसा-मौसी ने उसे मां के पास भेजने से मना कर दिया। इसके बाद वह घर छोड़कर निकल गई।रेस्क्यू के बाद बालिका को विभागीय संरक्षण में लेते हुए उसकी काउंसलिंग की जा रही है। साथ ही विभाग द्वारा बालिका की पारिवारिक परिस्थितियों, अभिभावकों की स्थिति तथा लगाए गए आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है।चाइल्ड हेल्पलाइन बाल अधिकारिता विभाग के परियोजना अधिकारी पन्ने सिंह ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। यदि जांच में बालिका के साथ प्रताड़ना, मारपीट अथवा बाल संरक्षण संबंधी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि बालिका की सुरक्षा और उसके सर्वोत्तम हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।रेस्क्यू में कालिका पेट्रोलिंग टीम की हेड कांस्टेबल कौशल्या, पूनम, चंदा तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना अधिकारी पन्ने सिंह की प्रमुख भूमिका रही।













