Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं ढंढार में सोलर नलकूप का लोकार्पण, विधायक काला बोले—जनहित के कार्यों में...

ढंढार में सोलर नलकूप का लोकार्पण, विधायक काला बोले—जनहित के कार्यों में नहीं रहेगी कोई कमी

यमुना के पानी के लिए बड़े आंदोलन का किया आह्वान, कुंभाराम लिफ्ट कैनाल योजना को पूरे विधानसभा क्षेत्र तक लागू कराने का भरोसा

पिलानी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
ग्राम ढंढार के उत्तर दिशा स्थित मेघवाल मोहल्ले में विधायक कोटे से निर्मित सोलर नलकूप का विधायक पितराम सिंह काला ने लोकार्पण कर इसे आमजन को समर्पित किया। लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहे क्षेत्र के लोगों को इस नलकूप से राहत मिलने की उम्मीद है। लोकार्पण समारोह में विधायक पितराम सिंह काला ने कहा कि जनहित के कार्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और क्षेत्र की जनता के लिए वे हर समय उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्रतिबद्धता है तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक काला ने यमुना के पानी के मुद्दे पर कहा कि क्षेत्र के हितों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर बड़ा आंदोलन खड़ा करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार यमुना समझौते को लेकर भ्रम फैला रही है, जबकि यह समझौता वर्ष 1994 में ही हो चुका था और उसे उसी स्वरूप में लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि विधानसभा में लगातार आवाज उठाने के बाद पिलानी शहर के लिए कुंभाराम लिफ्ट कैनाल योजना स्वीकृत हो चुकी है तथा इसका टेंडर भी जारी हो गया है। आगामी विधानसभा सत्र में पूरे पिलानी विधानसभा क्षेत्र को इस योजना से जोड़ने के लिए वे मजबूती से मुद्दा उठाएंगे।।इस अवसर पर पूर्व प्रधान शेरसिंह नेहरा एवं निहाल सिंह रणवां ने भी क्षेत्र के विभिन्न जनहित के मुद्दों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में शिक्षाविद् गुरदयाल, पूर्व सरपंच महावीर सिंह लांबा, सुबेसिंह भटैया, मोतीलाल बाडेटिया, लीलाराम भूपेश तथा अनिल जांगिड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान ग्रामवासियों की ओर से चेतराम भगासरा, श्रवण कुल्हरी एवं रामकुमार सिंह गाडोदिया ने विधायक पितराम सिंह काला का साफा पहनाकर स्वागत किया। ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर अतिथियों का अभिनंदन किया तथा वर्षों पुरानी जनकल्याणकारी मांग पूरी होने पर विधायक का आभार जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement