अच्छी वर्षा, समृद्ध फसल और क्षेत्र की खुशहाली की कामना के साथ हुआ भूमि पूजन का शुभारंभ
नूआं । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
भंवर लाल मांत्रिक के सानिध्य में स्थित नवग्रह मंदिर धाम, नूआ में शनिवार को वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य नवग्रह यज्ञ एवं भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता महेश बसावतिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि रंजीत पिलानिया (देवरोड़) ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता निभाई। यज्ञ में मुख्य यजमान सपत्नीक उपस्थित रहकर धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान नवग्रह मंदिर धाम में भूमि पूजन के शुभ कार्य की विधिवत शुरूआत की गई। विद्वान आचार्यों के सानिध्य में सम्पन्न हुए नवग्रह यज्ञ में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उत्तम ऋतु फल, भरपूर वर्षा तथा किसानों के बुवाई कार्यों की सफलता के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नवग्रह यज्ञ का विशेष महत्व है। यह न केवल आध्यात्मिक एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि वातावरण की शुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा के संचार तथा जनकल्याण की भावना को भी सुदृढ़ करता है। विशेष रूप से कृषि प्रधान क्षेत्र में समय पर और पर्याप्त वर्षा की कामना के लिए ऐसे यज्ञों का आयोजन समाज को एक सकारात्मक संदेश देता है। यज्ञ के दौरान तिल, जौ, सरसों, तेल, चीनी एवं चाय सहित विभिन्न सामग्री की आहुतियां अर्पित कर पूर्णाहुति दी गई। साथ ही समस्त नवग्रहों की शांति एवं क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्ध जीवन की मंगलकामना की गई।आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीणजन एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने नवग्रह यज्ञ में आहुति देकर क्षेत्र में अच्छी बारिश, भरपूर पैदावार, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। कार्यक्रम का समापन पूर्णाहुति, आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।












