मुखबिर की सूचना पर सुलभ कॉम्पलेक्स के पास कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
उदयपुरवाटी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उदयपुरवाटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 265 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी नवलगढ़ सुगनसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि उदयपुरवाटी कस्बे के घुमचक्कर क्षेत्र में नगरपालिका के सुलभ कॉम्पलेक्स के पास स्थित एक लकड़ी की थड़ी पर अवैध गांजा रखा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध थड़ी की जांच की।जांच के दौरान वहां बैठे व्यक्ति ने अपना नाम गिरधारीलाल पुत्र नत्थूराम (50 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 10, उदयपुरवाटी बताया। पुलिस द्वारा थड़ी की तलाशी लेने पर वहां से 265 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी रामपाल मीणा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक करता था। कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल मीणा, उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक जीवणराम, कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार, विक्रम सिंह तथा नरेन्द्रपाल शामिल रहे। टीम की तत्परता और सूझबूझ से यह कार्रवाई सफल रही। झुंझुनूं पुलिस द्वारा जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।










