पिलोद-बिजोली मार्ग पर कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सूरजगढ़ । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सूरजगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 229 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन में थाना अधिकारी रणजीत सिंह सेवदा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा ने बताया कि 18 जून 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पिलोद से बिजोली जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी सतीश कुमार पुत्र राजेन्द्र, उम्र 23 वर्ष, निवासी चिम्मा का बास, थाना सूरजगढ़, जिला झुंझुनूं के कब्जे से 229 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा यह पता लगाने के लिए गहन अनुसंधान शुरू कर दिया है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लाया था और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में थाना अधिकारी रणजीत सिंह सेवदा, सहायक उपनिरीक्षक सत्यनारायण, कांस्टेबल राजकुमार , कांस्टेबल महीपाल तथा कांस्टेबल राजेश कुमार शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल महीपाल का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













