मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पचेरी कलां । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पचेरी कलां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 90 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी बुहाना नोपाराम भाकर के सुपरविजन में पचेरी कलां थाना प्रभारी बनवारीलाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध गांजा लेकर पचेरी कलां से भालोठ जाने वाली सड़क पर पैदल जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की। युवक ने अपना नाम सुनिल पुत्र रामनिवास निवासी भालोठ बताया। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से 90 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने अथवा परिवहन करने का कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं मिला। इस पर पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।कार्रवाई में थाना प्रभारी बनवारीलाल के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह, पूर्णमल, कांस्टेबल रणवीर सिंह, कमलेश, विजय तथा सुनिल शामिल रहे। कार्रवाई को सफल बनाने में कांस्टेबल कमलेश की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










