हर माह 10 हजार रूपये की रंगदारी मांगने का आरोप, 16 मुकदमों में नामजद आरोपी गिरफ्तार
पचेरी कलां ।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पचेरी कलां थाना पुलिस ने शराब ठेकेदार से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर विनोद उर्फ टाइगर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर शराब गोदाम नहीं लगने देने की धमकी देने, क्षेत्र में दहशत फैलाने तथा हर माह 10 हजार रूपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी नोपाराम भाकर के सुपरविजन में थानाधिकारी बनवारीलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार मोनू कुमार निवासी कुहाड़वास ने 15 जून को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह लाला मंडी और उदामंडी स्थित शराब दुकानों का अनुज्ञाधारी है तथा कलोठड़ा गांव में शराब गोदाम की स्वीकृति के लिए आबकारी विभाग में आवेदन कर रखा है। गोदाम की साफ-सफाई के लिए उसका सेल्समैन अनुज पुत्र रविंद्र निवासी सोहली मौके पर मौजूद था। इसी दौरान विनोद उर्फ टाइगर वहां पहुंचा और सेल्समैन को धमकाते हुए वहां से भगा दिया। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी बाद में कई वाहनों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा और गोदाम नहीं लगने देने की चेतावनी दी। जब परिवादी ने फोन पर आरोपी से बात की तो उसने स्वयं को बदमाश बताते हुए हर माह 10 हजार रूपये की रंगदारी की मांग की। रूपये नहीं देने पर गोदाम नहीं लगने देने और जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपी पर क्षेत्र में वाहनों के काफिले के साथ घूमकर दहशत फैलाने का भी आरोप लगाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी विनोद उर्फ टाइगर पुत्र मोहर सिंह निवासी सोहली को सब जेल खेतड़ी से प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त कर पूछताछ की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में बनवारीलाल, थानाधिकारी, पचेरी कलां , हरिसिंह, सहायक उपनिरीक्षक , मनीष, कांस्टेबल , सहीराम, कांस्टेबल शामिल रहें I पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और रंगदारी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।










