पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के आवास पर हुई प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां
चूरू। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के चूरू स्थित आवास पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की विकास, विश्वास और जनकल्याण की यात्रा को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, चूरू विधायक हरलाल सहारण तथा भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने संबोधित किया।

“मोदी सरकार ने देश की तस्वीर ही नहीं, तकदीर भी बदली” : घनश्याम तिवाड़ी
राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों की सबसे बड़ी ताकत जनता का अटूट विश्वास और सरकार का सेवा भाव रहा है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने मोदी सरकार पर भरोसा जताया, वर्ष 2019 में पहले से भी बड़ा जनादेश दिया और वर्ष 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपकर यह स्पष्ट कर दिया कि देश काम की राजनीति में विश्वास करता है।तिवाड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तीसरी बार शपथ लेने के बाद सबसे पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया कि सरकार के केंद्र में गरीब, किसान, युवा और महिलाएं हैं।
“सबका साथ, सबका विकास सिर्फ नारा नहीं” : हरलाल सहारण
चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि मोदी सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। डिजिटल गवर्नेंस और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाकर सरकारी राशि की बचत की गई है।सहारण ने कहा कि आज देश की सीमाएं और आंतरिक सुरक्षा पहले से अधिक मजबूत हुई हैं तथा सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों ने नए भारत की ताकत को दुनिया के सामने रखा है।
जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं
भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति के कारण देश नक्सलवाद की समस्या से तेजी से उबर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।उन्होंने कहा कि जनधन योजना के तहत करोड़ों बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। जल जीवन मिशन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति का विस्तार किया गया है तथा स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है।

कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री अभिषेक चोटिया, जिला उपाध्यक्ष भास्कर शर्मा, जिला मंत्री सत्तार खान, जिला प्रवक्ता सुशील लाटा, विजय शर्मा, संदीप पाटील, गोगराज सैनी, मंडल प्रभारी सुरेश सारस्वत, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र राकसिया, जिला सहकोषाध्यक्ष रचना कोठारी, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता अख्तर खान, जिला मीडिया सहसंयोजक नीरज जांगिड़, नोमान खान, भरत पारीक, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गोपाल बालाण, जिला महामंत्री हरिश वर्मा, मंडल महामंत्री कपिल चंदेल, कमल सैनी, सुरेंद्र बावलिया, ओम इंदोरिया, रजत शर्मा, मोनू शर्मा, आकाश सैनी, गोविंद लुगरिया, राकेश शर्मा, दीनदयाल खारड़िया, ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













