पैतृक भूमि हड़पने के मामले में बड़ी कार्रवाई: 2022 से फरार 5 हजार का ईनामी आरोपी सांवतराम गिरफ्तार

फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर जमीन खुर्द-बुर्द करने का आरोप, उदयपुरवाटी पुलिस की कार्रवाई

उदयपुरवाटी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पैतृक भूमि को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने के चर्चित धोखाधड़ी प्रकरण में उदयपुरवाटी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2022 से फरार चल रहे 5 हजार रूपये के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था, जिसकी तलाश में लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी नवलगढ़ सुगन सिंह के निकटतम सुपरविजन में पुलिस थाना उदयपुरवाटी के थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सांवतराम पुत्र बनवारीलाल (50 वर्ष) निवासी खौह, थाना उदयपुरवाटी, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 8 दिसंबर 2022 को परिवादी सुनील कुमार डालमिया, हाल निवासी कोलकाता, ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि गांव खौह स्थित उनकी पैतृक भूमि, जो उनके पिता एवं चाचा के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज थी, को हड़पने के लिए आरोपियों ने सुनियोजित षड्यंत्र रचा। रिपोर्ट में बताया गया कि चाचा हरिकिशन की मृत्यु के बाद उनके फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार की गई और उसके आधार पर करीब 3.02 हेक्टेयर भूमि को खुर्द-बुर्द कर दिया गया। मामले में बोदूराम, बनवारीलाल, मोहरली देवी, फुली देवी, मोहनी देवी, मदनलाल, सांवतराम एवं ओमप्रकाश डालमिया सहित अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था।

5 हजार का इनाम घोषित, अब आया गिरफ्त में

प्रकरण में वांछित आरोपी सांवतराम लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उस पर 5 हजार रूपये का इनाम घोषित किया था। लगातार निगरानी और सूचना संकलन के बाद गठित टीम ने आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है। कार्रवाई में पुलिस टीम में रामपाल मीणा – पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, उदयपुरवाटी ,जितेन्द्र कुमार – उप निरीक्षक , राजेन्द्र कुमार – कांस्टेबल , अजीत सिंह – कांस्टेबल शामिल रहें I पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान जारी है तथा धोखाधड़ी के पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी को उदयपुरवाटी पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।