Advertisement
Home राजस्थान चूरू सुजानगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 10 खाद्य पदार्थों के नमूने...

सुजानगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

सुजानगढ़ में दीपावली विशेष अभियान के तहत मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी।

दीपावली विशेष अभियान के तहत मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण; 30 किलो रसगुल्ले, 15 लीटर कोल्ड ड्रिंक और 2 किलो फंगस लगे लड्डू सामने आए

सुजानगढ़। दीपावली के त्योहारी सीजन में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सुजानगढ़ में विभागीय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और स्वच्छता संबंधी निर्देश देने की कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इनमें आइसक्रीम के दो नमूनों के साथ मावा, बर्फी, मिल्क केक, गुलाब जामुन, रसगुल्ला सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान 30 किलो रसगुल्ले, 15 लीटर कोल्ड ड्रिंक और 2 किलो फंगस लगे लड्डुओं का मामला भी सामने आया।

व्यापारियों को स्वच्छता के निर्देश

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने व्यापारियों को खाद्य पदार्थों के निर्माण और विक्रय के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य रंगों का निर्धारित मानकों के अनुसार उपयोग करने तथा खाद्य सुरक्षा नियमों की पालना करने के निर्देश दिए। त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग की टीम लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग कर रही है।इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन सिंह गोदारा, पूजा सैनी, डॉ. प्रकाश नागोरा, डॉ. अनिल मील, आशा गुर्जर और डॉ. कुलदीप खटोड़ उपस्थित रहे।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

विभाग के अनुसार, लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। दीपावली विशेष अभियान के अंतर्गत निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Advertisement