देर रात हुआ हादसा; पिता की मौके पर मौत, दूसरे बाइक सवार ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
पाली।प्रहलाद सिंह
जिले के कोट-बाली मार्ग पर शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और कानूनी कार्रवाई शुरू की।
बेटे को फालना छोड़ने जा रहे थे विरमाराम
जानकारी के अनुसार, भादरास निवासी विरमाराम चौधरी (50) अपने बेटे अर्जुन को गांव से फालना छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान बाली से सादड़ी की ओर आ रही एक अन्य बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि विरमाराम चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके बेटे अर्जुन की हाथ की एक अंगुली में फ्रैक्चर हो गया।
जोधपुर रेफर किए गए घायल की रास्ते में मौत
दूसरी बाइक पर सवार पिंडवाड़ा निवासी आसाराम पुत्र कुकाराम गरासिया (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जोधपुर के एमडीएम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बाली पुलिस के एएसआई कमल मीणा ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस नियमानुसार जांच कर रही है।













