एनएच-52 पर ट्रक से 5 लाख की अवैध शराब जब्त

चारे के नीचे बने गुप्त बॉक्स में छिपाकर की जा रही थी तस्करी, गुजरात निवासी आरोपी गिरफ्तार

चूरू। डीएसटी टीम की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एनएच-52 पर झकार होटल के पास नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से हरियाणा निर्मित अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में गुजरात निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चौटिया ने बताया कि डीएसटी प्रभारी जयप्रकाश से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-52 पर झकार होटल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान राजगढ़ की ओर से आ रहे गुजरात नंबर के एक ट्रक को रुकवाया गया।पुलिस के अनुसार ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बाद भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। ट्रक की गहन तलाशी लेने पर चारे के नीचे वाहन की बॉडी में प्लाई बोर्ड से बनाए गए गुप्त बॉक्स मिले, जिनमें शराब के कार्टन छिपाकर रखे गए थे।तलाशी के दौरान पुलिस ने 22 कार्टन अंग्रेजी शराब एवं बीयर बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रूपये आंकी गई है।पुलिस ने ट्रक सहित अवैध शराब को जब्त करते हुए गुजरात के केशोद निवासी 28 वर्षीय भग्गू भाई को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरियाणा निर्मित यह शराब हरियाणा से गुजरात तस्करी कर ले जाई जा रही थी।आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। इस कार्रवाई में डीएसटी के पुष्पेंद्र सिंह दरबार तथा कोतवाली थाना के एफडब्ल्यू विकास कुमार की विशेष भूमिका रही।