खनन माफिया की बेलगाम रफ्तार पर पुलिस का डंडा: मेहाड़ा में चार ओवरलोड डंपर जब्त

टूटी सड़कें, बढ़ते हादसे और ग्रामीणों की नाराजगी के बीच कार्रवाई; वर्षों से उठ रही शिकायतों के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा

खेतड़ी।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खनन क्षेत्र से निकलने वाले ओवरलोड डंपरों की बेलगाम आवाजाही ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़कों को छलनी करने और आमजन की जान जोखिम में डालने वाले ओवरलोड डंपरों के खिलाफ आखिरकार मेहाड़ा पुलिस ने सख्त रूख अपनाते हुए चार डंपरों को जब्त कर लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जब्त वाहनों से नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा। क्षेत्र में लंबे समय से ग्रामीण ओवरलोड डंपरों के आतंक से परेशान थे। दिन-रात दौड़ते भारी वाहन न केवल सड़कों की हालत खराब कर रहे थे, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ा रहे थे। ग्रामीण कई बार विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन को चेतावनी दे चुके थे, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई थी। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है। थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मेहाड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान खेतड़ी खनन क्षेत्र से पत्थर, रोड़ी और डस्ट भरकर आ रहे चार डंपर निर्धारित क्षमता से अधिक भार ले जाते पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर मेहाड़ा थाने में खड़ा कराया गया।

सड़कें टूटीं, जनता त्रस्त, तब जागा प्रशासन

खनन क्षेत्र से लगातार चल रहे ओवरलोड डंपरों के कारण कई ग्रामीण मार्गों की हालत खस्ता हो चुकी है। जगह-जगह उखड़ी सड़कें और उड़ती धूल लोगों के लिए रोजाना की परेशानी बन चुकी हैं। ग्रामीणों का आरोप रहा है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हालात लगातार बिगड़ते गए। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई भले ही देर से हुई हो, लेकिन लोगों को राहत की उम्मीद जरूर जगी है।विशेषज्ञों के अनुसार ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण होते हैं। क्षमता से अधिक भार होने के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो देते हैं, जिससे हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। खेतड़ी क्षेत्र में भी भारी वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया ने कहा कि यह कार्रवाई केवल शुरूआत है। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई में थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया, एएसआई भोमाराम, हेड कांस्टेबल अमरसिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

“ओवरलोड डंपरों की मनमानी से त्रस्त जनता को राहत दिलाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।” — राममनोहर ठोलिया, थानाधिकारी, मेहाड़ा।