सिंघाना के खिलाड़ी ने रोमानिया में दिखाया दमखम

क्वान किडो चैंपियनशीप में जीता रजत पदक, ग्रामीणों ने किया सम्मान

खेतड़ी I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
सिंघाना के खिलाड़ी ने विदेशी धरती पर दमखम दिखाते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। युवा खिलाड़ी अभिषेक कुमार पुत्र महेंद्र कुमार ने रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान किडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। खिलाड़ी के वापस लौटने पर गुरूवार को ग्रामीणों की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। खिलाड़ी अभिषेक कुमार राजौरा ने बताया कि रोमानिया टी राजधानी बुखारेस्ट में 20 मई से 24 मई तक वर्ल्ड क्वान किडो चैंपियनशीप का आयोजन हुआ था, जिसमें उन्होंने भाग लिया। अभिषेक कुमार ने ब्लैक बेल्ट सेमी कॉन्टैक्ट फाइट स्पर्धा में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा खेल प्रेमियों ने इसे भारत के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। अभिषेक कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय क्वान किडो इंडिया के सीईओ डॉ. सतीश डुल, टीम मैनेजर डॉ. सुनील दत्त, कोच मिस्टर अतुल पंगोत्रा, राजस्थान अध्यक्ष देवेंद्र सारस्वत, प्रायोजक विजेंद्र कुमार एवं अपने गुरू शिहान हेमंत कुमार को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के मार्गदर्शन, सहयोग और प्रेरणा से ही यह सफलता संभव हो सकी। अभिषेक की इस उपलब्धि पर परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ी अभिषेक कुमार राजोरा का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। इसके अलावा पूरे कस्बे में डीजे के साथ रैली निकाली गई। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय कुमार पांडे, नौरंग डांगी, मोहनलाल गुप्ता, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शकुंतला यादव, एडवोकेट जगदीश प्रसाद, विजेंद्र राजोरा, हरिराम, नरेश कुमार, संतोष सैनी, आयुष कुमार, अजय कुमार, राधेश्याम, दिव्यांश सिंह, योगेश कुमार सहित अनेक लोग मौजूद थे।