खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पचेरीकलां क्षेत्र के रायपुर अहीरान गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के मुख्य चौक-चौराहों, रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह कचरे व गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इससे ग्रामीणों में प्रशासन और ग्राम पंचायत के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से सफाई व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है। कई बार ग्राम विकास अधिकारी और प्रशासक को लिखित व मौखिक रूप से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर वर्ष बजट उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन रायपुर अहीरान गांव में सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे बनी हुई है। गांव के मुख्य रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर पड़े कचरे के कारण दुर्गंध फैल रही है। राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं करवाई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की नियमित व्यवस्था नहीं होने से गांव में कचरा जमा होता जा रहा है। कई स्थानों पर नालियों की सफाई नहीं होने से गंदा पानी भी जमा हो रहा है, जिससे वातावरण दूषित हो रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के दिव्यांग कुलदीप कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर गांव में विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने शिकायत में बताया कि गांव में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द कचरा हटवाया जाए, नालियों की सफाई करवाई जाए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उच्च अधिकारियों को शिकायत करेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत से मांग की है कि रायपुर अहीरान गांव में विशेष सफाई अभियान चलाकर गंदगी से निजात दिलाई जाए।
महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन 🔥 Petrol-Diesel Price Protest | Churu News















