बेसरड़ा में कारगिल शहीद रामकरण सेन का मनाया शहादत दिवस
खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के बेसरड़ा गांव में गुरूवार को कारगिल युद्ध के शहीद रामकरण सेन का शहादत दिवस मनाया गया। इस दौरान श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेंद्र कुमार सेन थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरांगना संतोष देवी ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम शहीद रामकरण की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजली दी गई । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजेंद्र कुमार सेन ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर योद्धा होते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने मांगलिक कार्यों में शहीदों का स्मरण करना चाहिए। झुंझुनूं जिले को वीरो की भूमि के नाम से जाना जाता है यहां बचपन से देश सेवा की प्रेरणा दी जाती है। शहीद के बेटे राजकुमार सेन ने बताया कि उसके पिता 4 जून 1999 को कारगिल की लड़ाई में शहीद हुए थे। शहीद के बेटे ने बताया कि उसने भी ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेते हुए दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया। राजकुमार सेन ने कारगिल की उसी पोस्ट पर तैनात रहकर पाकिस्तान की चौकियों पर लगातार तीन दिन तक बंकरों से जबरदस्त गोलाबारी की और शौर्य का परिचय दिया। जहां पर उनके पिता देश की सेवा करते हुए शहीद हुए थे। कार्यक्रम में गांव के बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों ने मिलकर शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर रामनिवास सेन, सतवीरसिंह, हवलदार राजकुमार, सतवीर, सुबेदार लीलाराम, हवलदार श्योराम, जयसिंह, पूर्व सरपंच स्योताज, राजाराम गुर्जर, सुभाष, विजनेश गुर्जर, यादराम यादव, देशराज, राजाराम सहित अनेक लोग मौजूद रहें I










