सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत सब्जी मंडी क्षेत्र में छापा, बाजार में मचा हड़कंप
चूरू। शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को नगर परिषद टीम ने मुख्य बाजार स्थित एक गोदाम पर कार्रवाई करते हुए करीब 5 क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन थैलियां जब्त कीं। कार्रवाई के बाद बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और दुकानदारों में अफरातफरी का माहौल देखने को मिला।जानकारी के अनुसार नगर परिषद टीम ने सब्जी मंडी क्षेत्र में अभियान चलाते हुए सुरेश अग्रवाल के गोदाम पर छापा मारा। वहां भारी मात्रा में सिंगल यूज़ प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलिथीन थैलियां मिलीं। टीम ने मौके पर ही करीब 500 किलो पॉलिथीन जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी।यह विशेष अभियान नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह के निर्देशन में शहर को स्वच्छ और सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। आयुक्त ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पॉलिथीन के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है, बावजूद इसके कई स्थानों पर इसका उपयोग जारी है।अभियान प्रभारी मनीराम ने कहा कि प्रतिबंधित पॉलिथीन पर्यावरण के साथ-साथ शहर की सफाई व्यवस्था के लिए भी गंभीर समस्या बन रही है। नालियां जाम होने और प्रदूषण बढ़ने की घटनाओं को देखते हुए नगर परिषद लगातार कार्रवाई कर रही है।कार्रवाई के दौरान परिषद टीम ने दुकानदारों और आमजन को कपड़े एवं कागज के थैलों के उपयोग के लिए जागरूक भी किया। नगर परिषद ने चेतावनी दी है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













