जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने किया तकनीकी बूट कैंप इनोवेटिव चूरू का शुभारंभ
चूरू। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय लोहिया महाविद्यालय सभागार में तकनीकी बूट कैंप ‘इनोवेटिव चूरू’ का शुभारंभ सोमवार को जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए सुराणा ने कहा कि आज के समय में युवाओं के पास आधुनिक तकनीकी ज्ञान व कौशल दक्षता होना आवश्यक है। युवाओं को तकनीकी व नवाचार के साथ कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इनोवेटिव चूरू बूट कैंप विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान, नवाचार एवं संचार कौशल विकसित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि बूट कैंप इनोवेटिव चूरू के माध्यम से जिला प्रशासन विद्यार्थियों को नई संभावनाओं से जोड़ने तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिये प्रयासरत है। सीडीईओ संतोष महर्षि ने बताया कि यह बूट कैंप 16 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न तकनीकी प्रशिक्षण सत्रों के साथ-साथ स्पोकन इंग्लिश कोर्स भी करवाया जाएगा, जिससे उनके व्यक्तित्व व रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी। प्रशिक्षण सत्रों में प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप सोच, टीम वर्क, कम्युनिकेशन स्किल्स व प्रेजेंटेशन स्किल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। गौरतलब है कि बूट कैंप में जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के कुल 41 विद्यार्थियों ने एनरोल किया। इस दौरान लोहिया महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. मंजू शर्मा, डीओआईटी एसीपी नरेश टुहानिया, एसीपी विनोद कुमारी, गौरव शर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित थे।













