जैन गेस्ट हाउस में भाजपा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान शुरू

राष्ट्रवाद, संगठन विस्तार और मूल्य आधारित राजनीति पर हुआ मंथन, दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ

चूरू । भारतीय जनता पार्टी द्वारा जैन गेस्ट हाउस में “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026” के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ सोमवार को जिला अध्यक्ष बसंत शर्मा की अध्यक्षता में किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ।उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिविर प्रभारी रघुनाथ नरेडी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ वासुदेव चावला, जिला महामंत्री पराक्रम राठौड़, पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा, पूर्व विधायक अभिनेश महर्षि, जिला संगठन प्रभारी विजय आचार्य, लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र झाझड़िया, पूर्व जिला प्रमुख वंदना आर्य और पूर्व मंत्री खेमाराम मेघवाल सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं तथा संगठन को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में पार्टी गतिविधियां लगातार सक्रिय रूप से संचालित हो रही हैं।शिविर प्रभारी रघुनाथ नरेडी ने प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कहा कि भाजपा की रीति-नीति और राष्ट्र प्रथम का संकल्प कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।मुख्य वक्ता पंकज गुप्ता ने राष्ट्रवाद, लोकतंत्र के प्रति निष्ठा, गांधीवादी आर्थिक दृष्टिकोण, सकारात्मक पंथनिरपेक्षता और मूल्य आधारित राजनीति जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। वहीं विभिन्न सत्रों में डॉ वासुदेव चावला ने भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा और पार्टी के इतिहास पर विचार रखे, जबकि विजय आचार्य ने संगठन विस्तार पर चर्चा की।