झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिला मुख्यालय के निकट स्थित खिदरसर गांव के महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू थे। समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों सहित कक्षा 1 से 12 तक की प्रत्येक कक्षा के टॉप दो विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10 की छात्रा एंजल को 95.67 प्रतिशत तथा 12वीं विज्ञान वर्ग के छात्र तैयब अली को 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दोनों विद्यार्थियों ने इंग्लिश और हिंदी माध्यम के सरकारी स्कूलों में झुंझुनूं ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। तैयब अली ने मैथ्स और केमेस्ट्री में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर गौरवान्वित किया। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र भांबू थे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में झुंझुनूं एसडीएम कौशल्या विश्नोई, एडीईओ उम्मेद महला, जयप्रकाश, राजेश हलवान एवं सीबीईओ सुनिता यादव उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य धर्मेंद्र सिंह जाखड़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए परीक्षा परिणाम और विद्यालय में बढ़ते नामांकन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विधायक राजेंद्र भांबू ने विद्यालय में 10 किलोवॉट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित करवाने तथा करीब छह हजार वर्ग फुट क्षेत्र में इंटरलॉकिंग कार्य करवाने की घोषणा की। साथ ही खेल मैदान से गुजर रही बिजली की लाइनों को शिफ्ट कराने का आश्वासन भी दिया। विधायक भांबू ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है। जिससे नामांकन में भी वृद्धि देखने को मिल रही है। उन्होंने खिदरसर स्कूल को जिले के आदर्श विद्यालयों में शामिल बताया। जो शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों में अग्रणी है। वहीं, एसडीएम कौशल्या विश्नोई ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों के छात्र भी आरएएस और आईएएस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में चयनित होकर देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।













