स्टेट हाईवे-37 से हटेंगे 188 अतिक्रमण, सरकारी भवन भी कार्रवाई की जद में; प्रशासन ने जारी किए अंतिम नोटिस
गुढ़ागौड़जी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
कस्बे से गुजर रहे स्टेट हाईवे-37 पर वर्षों से फैले अतिक्रमणों पर अब प्रशासनिक कार्रवाई तय मानी जा रही है। हाईकोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। टोडी गांव क्षेत्र सहित हाईवे के दोनों ओर चिन्हित 188 अतिक्रमणों को हटाने के लिए संबंधित लोगों को 15 दिन का अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई करेगा और पूरा खर्च भी अतिक्रमणकारियों से ही वसूला जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हाईवे की मूल चौड़ाई 80 फीट बहाल की जाएगी। इसके लिए सड़क के दोनों ओर 25-25 फीट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। कार्रवाई को लेकर इलाके में हलचल तेज हो गई है और प्रभावित लोगों में चिंता का माहौल है। इस बार कार्रवाई केवल निजी अतिक्रमणों तक सीमित नहीं रहेगी। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि सरकारी विभागों पर भी समान रूप से कार्रवाई होगी। सूची में पुलिस थाने की चारदीवारी, एक कमरा तथा पीडब्ल्यूडी कार्यालय का हिस्सा भी शामिल बताया जा रहा है। इससे प्रशासन के सख्त और निष्पक्ष रुख का संदेश गया है। तहसील प्रशासन के अनुसार हाईकोर्ट के निर्देशों की अनुपालना में पूरी कार्रवाई की जा रही है। अतिक्रमण हटाने को लेकर चिन्हांकन और नोटिस प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब निर्धारित अवधि समाप्त होते ही व्यापक अभियान शुरू किया जाएगा I गुढ़ागौड़जी तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट कुलदीप भाटी ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों की पालना हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी प्रकार की ढिलाई या हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से समय रहते स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील भी की है, ताकि अतिरिक्त कार्रवाई और आर्थिक दंड से बचा जा सके। हाईवे किनारे बने दुकानदारों और मकान मालिकों में नोटिस के बाद हलचल तेज हो गई है। कई लोग अपने स्तर पर निर्माण हटाने की तैयारी में जुट गए हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि हाईवे चौड़ा और अतिक्रमण मुक्त हुआ तो यातायात व्यवस्था सुधरेगी और दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।













