Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं पंचायती राज चुनाव – चार पंचायत समितियों में नामांकन तेज, एक दिन...

पंचायती राज चुनाव – चार पंचायत समितियों में नामांकन तेज, एक दिन में 221 पर्चे दाखिल

झुंझुनूं जिले की नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियों में पंचायती राज चुनाव 2026 के लिए नामांकन दाखिल करते अभ्यर्थी

उदयपुरवाटी में सर्वाधिक 79 नामांकन, गुढ़ागौड़जी में 66 अभ्यर्थियों ने भरे पर्चे , शुक्रवार को अंतिम मौका

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव – 2026 के तृतीय चरण में जिले की चार पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरूवार को नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियों में 193 अभ्यर्थियों ने कुल 221 नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें उदयपुरवाटी पंचायत समिति नामांकन के मामले में सबसे आगे रही। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि होने से चुनावी प्रक्रिया का यह चरण महत्वपूर्ण रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि गुरूवार को उदयपुरवाटी पंचायत समिति में 62 अभ्यर्थियों ने 79 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। इसी प्रकार नवलगढ़ पंचायत समिति में 48 अभ्यर्थियों ने 48, गोठड़ा पंचायत समिति में 28 अभ्यर्थियों ने 28 तथा गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति में 55 अभ्यर्थियों ने 66 नामांकन पत्र दाखिल किए। गुरूवार को दाखिल नामांकन पत्रों के आंकड़ों के अनुसार उदयपुरवाटी पंचायत समिति में सर्वाधिक 79 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए। गुढ़ागौड़जी में 66, नवलगढ़ में 48 और गोठड़ा में 28 नामांकन पत्र दाखिल हुए।

चारों पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए उम्मीदवारों की ओर से नामांकन प्रस्तुत करने का सिलसिला जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि अभ्यर्थी शुक्रवार, 23 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके बाद शनिवार, 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार संवीक्षा के बाद सोमवार, 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे।

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसी दिन चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। इसके साथ ही नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए चुनाव मैदान में डटे उम्मीदवारों की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।

Advertisement