ट्रेनों के समय में बदलाव और विस्तार सहित प्लेटफॉर्म पर शेड, शौचालय व रैंप बनाने की मांग; रेलवे अधिकारियों ने ज्ञापनों पर उचित कार्रवाई का दिया आश्वासन
चूरू। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर गुरुवार को ‘रेलजन संवाद विशेष अभियान 6.0’ का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान यात्रियों, सामाजिक संगठनों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रतिनिधिमंडलों ने यात्री सुविधाओं में सुधार, रेलगाड़ियों के समय में बदलाव और ट्रेनों के विस्तार सहित विभिन्न मांगों को लेकर रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपे।
समस्या समाधान केंद्र ने सौंपा ज्ञापन
समस्या समाधान केंद्र, चूरू की ओर से प्रमोद शर्मा, प्रेम कुमार बागोरिया, सत्यनारायण व्यास, जगदीश सोनी और राजेन्द्र सिंह सुरतपुरा ने मंडल रेल प्रबंधक के नाम ज्ञापन दिया। वहीं, मकरीनाथ नगर हाल्ट स्टेशन सहित हुडेरा, मोलीसर और जांदुआ के ग्रामीण प्रतिनिधियों ने भी यात्रियों की समस्याओं और सुविधाओं से जुड़ी मांगें रेलवे प्रशासन के समक्ष रखीं।
ट्रेनों के समय में बदलाव और विस्तार की मांग
यात्रियों ने गाड़ी संख्या 74830 चूरू-रतनगढ़ डेमू के समय में परिवर्तन करने की मांग उठाई। वहीं, ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल ने गाड़ी संख्या 74861 का रतनगढ़ तक विस्तार करने का आग्रह किया। प्रतिनिधियों का कहना था कि इससे आसपास के गांवों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।
प्लेटफॉर्म पर शेड और शौचालय बनाने की मांग
ज्ञापन में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1, 2, 3 और 4 पर शेड का विस्तार करने की मांग की गई। इसके अलावा प्लेटफॉर्म संख्या-4 और सर्कुलेटिंग एरिया में शौचालय बनवाने तथा प्रवेश द्वार की सीढ़ियों पर रेलिंग लगाने का आग्रह किया गया।
यात्रियों ने डाउन साइड के एस्केलेटर को अप और डाउन दोनों दिशाओं में सुविधाजनक बनाने की मांग भी रखी। साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या-2 और 3 पर निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियों के स्थान पर रैंप बनाने की संभावना पर विचार करने का सुझाव दिया।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सुविधा पर जोर
प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार होने से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। रैंप, रेलिंग और बेहतर आवागमन व्यवस्था से यात्रियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगी।
रेलवे अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं
कार्यक्रम में स्टेशन प्रबंधक सुरेश माथुर, स्टेशन सुविधा प्रबंधक राकेश भाकर और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक कृष्ण कुमार शर्मा उपस्थित रहे। अधिकारियों ने यात्रियों एवं प्रतिनिधिमंडलों की मांगों और सुझावों को सुना तथा उन्हें अभिलेख में दर्ज किया। साथ ही, ज्ञापनों पर नियमानुसार विचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रेलजन संवाद अभियान के माध्यम से यात्रियों और आमजन को अपनी समस्याएं सीधे रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला। अभियान का उद्देश्य जनसहभागिता के जरिए यात्री सुविधाओं में सुधार करना और रेलवे प्रशासन व आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना रहा।












