Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं जनकल्याण योजनाओं की प्रगति पर प्रभारी मंत्री सख्त, सेवा शिविरों को जनआंदोलन...

जनकल्याण योजनाओं की प्रगति पर प्रभारी मंत्री सख्त, सेवा शिविरों को जनआंदोलन बनाने के निर्देश

अविनाश गहलोत ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में पेयजल, बिजली, जल संरक्षण और फ्लैगशिप योजनाओं की ली जानकारी, अधिकारियों को दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले के प्रभारी मंत्री एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने गुरूवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का गहन आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ काम करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभारी मंत्री गहलोत ने जिले की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने टैंकर संचालन की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए स्थापित कंट्रोल रूम के संपर्क नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोग आसानी से अपनी समस्या दर्ज करवा सकें और उसका समय पर समाधान हो सके। उन्होंने जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा विभिन्न जीएसएस पर चल रहे मरम्मत और सुधार कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। गहलोत ने अधिकारियों से कहा कि बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम समय रहते उठाए जाएं। बैठक में राज्य सरकार के ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत किए जा रहे जल संरक्षण कार्यों और पौधारोपण गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल देते हुए अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने 12 जून से शुरू होने वाले ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ऐसी कार्ययोजना बनाई जाए जिससे अधिकतम लोग इनका लाभ उठा सकें। प्रभारी मंत्री ने बैठक में पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, जल जीवन मिशन, अमृत योजना, लखपति दीदी योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लक्ष्य पूर्ति और लाभार्थियों तक समय पर सुविधाएं पहुंचाने के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, बनवारी लाल सैनी, विशंभर पूनिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
“जनसमस्याओं के समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे” — प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत

Advertisement