चूरू़। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने आमजन को सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं । सीएमएचओ डॉ मनोज शर्मा ने आमजन से अपील की है कि गर्मी के इस मौसम में विशेष सावधानी बरतें, ताकि हीट वेव से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।सीएमएचओ डॉ मनोज शर्मा ने बताया कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। बाहर जाते समय सिर को ढककर रखें और हल्के, ढीले व सूती कपड़े पहनें। अधिक से अधिक पानी, छाछ, नींबू पानी और ओआरएस का सेवन करें, जिससे शरीर में पानी की कमी न हो। सीएमएचओ ने बताया कि तेज धूप में काम करने वाले लोग समय-समय पर छांव में विश्राम करें और खुद को हाइड्रेट रखें। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
हीट वेव से बचाव के लिए क्या करें क्या ना करें
क्या करें:
दिन में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
छांव में रहें और धूप से बचें
सिर को कपड़े या टोपी से ढकें
हल्का व सुपाच्य भोजन करें
क्या नहीं करें:
खाली पेट धूप में न निकलें
अत्यधिक तली-भुनी चीजों से परहेज करें।
शराब, चाय-कॉफी का अधिक सेवन न करें।
उन्होंने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। समय रहते उपचार मिलने से हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि गर्मी के मौसम में सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।
सीएमएचओ डॉ शर्मा ने बताया कि सभी चिकित्सा संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि हिट वेव से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे दवाएं, आइस पैक, वार्ड में कुलर व पंखों की व एम्बुलेंस आदि की व्यवस्थाएं आवश्यक रूप से उपलब्धता सुनिश्चित करे साथ ही संस्थाओं पर पीने के ठंडे पानी की व्यवस्था, मरीजों के अटेंडेंट के बैठने की व्यवस्था भी आवश्यक रूप से सुनिश्चित करनी है।











