एनएच-52 पर बड़ा हादसा टला: ढाडर गांव के पास ऑक्सीजन गैस से भरा टैंकर पलटा, ड्राइवर घायल

कार को बचाने के प्रयास में बिगड़ा संतुलन, दो घंटे बाद खुला जाम — पुलिस और दमकल की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा विस्फोट

चूरू। ज़िले के एनएच-52 पर ढाडर गांव के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब 22 टन ऑक्सीजन गैस से भरा टैंकर सड़क पर पलट गया। यह टैंकर गुजरात से हिसार की ओर जा रहा था। निर्माणाधीन इलाके में पहुंचने पर सामने अचानक एक कार आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और टैंकर जोरदार धमाके के साथ एक तरफ पलट गया।हादसे में अलवर ज़िले के गांव शीतल निवासी 32 वर्षीय ड्राइवर समयद्दीन घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही मिनटों में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही सदर थाना एएसआई गिरधारी लाल सैनी जाप्ते सहित मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियातन दमकल और एंबुलेंस को भी बुलाया गया।सुरक्षा की दृष्टि से ट्रैफिक डायवर्ट करवाया गया और विशेषज्ञों की मौजूदगी में टैंकर की जांच की गई। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार का गैस रिसाव नहीं मिला। बाद में टैंकर को क्रेन की मदद से सीधा किया गया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया।गनीमत यह रही कि टैंकर में ऑक्सीजन गैस होने के बावजूद बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और टैंकर को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया गया है।विशेषज्ञों का कहना है कि ऑक्सीजन टैंकर दुर्घटनाएं अत्यंत खतरनाक होती हैं, क्योंकि इनमें भरी गैस किसी भी प्रकार के रिसाव, घर्षण या स्पार्क की स्थिति में बड़ा विस्फोट कर सकती है।

शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर अब सख्त कार्रवाई | License होंगे Cancel | SP जय यादव